सर्व समाज महासभा द्वारा मातृ दिवस के अवसर पर पाईवाग स्थित गैलेक्सी अकादमी में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के मध्य ‘माँ’ विषय पर अभिव्यक्ति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लेख, कविता और निबंध के माध्यम से माँ की भूमिका, दायित्व, त्याग, संस्कार तथा जीवन में उनके बहुआयामी स्वरूप को अत्यंत भावपूर्ण शब्दों में प्रस्तुत किया।

यह कार्यक्रम सर्व समाज महासभा के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल की अध्यक्षता में तथा गैलेक्सी अकादमी के मैनेजिंग डायरेक्टर हरिओम शर्मा के संयोजन में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “माँ वह आधारशिला है, जिस पर संपूर्ण जीवन की इमारत खड़ी होती है।” वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीवनलाल शर्मा ने कहा कि “माँ ममता, त्याग और संस्कारों की सजीव प्रतिमा है, जो संतानों के व्यक्तित्व का निर्माण करती है।”

कार्यक्रम में महिला महामंत्री मीनाक्षी खत्री एवं लक्ष्मी शर्मा द्वारा विद्यार्थियों की अभिव्यक्तियों का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रथम 10 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया तथा विद्यार्थियों को माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं समर्पण की भावना का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर सर्व समाज महासभा के वरिष्ठ साथी राजेंद्र दंडोतिया, उमेश गोयल, सचिव कृष्णकांत शर्मा, संगठन मंत्री महेश वाल्मीकि, लक्ष्मी नारायण सिंघल, गिरधारी खंडेलवाल, प्रेमचंद लवानिया, गोविंद दुबे, शिवम जिंदल, रणजीत सिंह, वीरू सोगर, टीटू महावर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने मातृ शक्ति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

यह आयोजन विद्यार्थियों में संस्कार, संवेदना और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायक एवं सार्थक पहल सिद्ध हुआ, जिसने माँ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को और अधिक सशक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story