भरतपुर 20 मार्च। देश भर में चर्चित सनातन प्रीमियर लीग 2026 का समापन अत्यंत उत्साह व जोश के साथ भव्य तरीक़े से संपन्न हुआ। फाइनल के मुख्य अतिथि के रूप में द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज व अभिनेता व रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले सांसद अरुण गोविल, कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, इंद्रेश उपाध्याय, चिन्मयानंद बापू, महाराज अनिरुद्धचार्य, अर्पित महाराज, लीग कमिश्नर पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी मदन लाल, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चेतन शर्मा, मनिंदर सिंह, सुरेश रैना, पीयूष चावला, प्रवीण कुमार, मोहित शर्मा, पंकज सिंह, रेसलर द ग्रेट खली, द केरला स्टोरी-2 की अभिनेत्री अदिति भाटिया, रेसलर सौरव गुर्जर रहे। आयोजन सचिव शत्रुघन तिवारी ने बताया कि लीग के दौरान दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले और फाइनल मुकाबले में राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 39 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले का रोमांच और पुरस्कार वितरण

फाइनल मैच में राजस्थान टीम ने शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया और बल्लेबाजों ने संयमित और आक्रामक पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया वहीं गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ विपक्षी टीम को दबाव में बनाए रखा। विपक्षी टीम मध्यप्रदेश ने लक्ष्य का पीछा करने की भरपूर कोशिश की लेकिन राजस्थान टीम की कसी हुई गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के सामने टिक नहीं पाई और मैच के बाद विजेता टीम के खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। समापन समारोह में विजेता टीम को एक ट्रॉफी और 31 लाख रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। उप विजेता टीम को 15 लाख रुपये की राशि दी गई। मैन ऑफ दी सीरीज में लक्ष्मीनारायण गुर्जर को बलेनो कार व इनको ही बेस्ट बॉलर के रूप में एक बाइक दी गई वहीं राकेश को बेस्ट बेस्टमैन के रूप में एक बाइक दी गईं। इस अवसर पर स्थानीय व्यक्तियों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या उपस्थित रही। एसिड अटैक से पीड़ित महिलाओं को 1 रन के 500 रूपये के हिसाब से 11 लाख रुपए का चेक दिया।

महाराज देवकीनंदन ठाकुर का प्रेरणादायक संदेश

सनातन प्रीमियर लीग फाइनल के दौरान कथावाचक महाराज देवकीनंदन ठाकुर ने खेलने वाले बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को मजबूत बनाने का साधन नहीं है, बल्कि यह मन और चरित्र को भी सशक्त बनाता है बच्चों को खेल के साथ-साथ अच्छे संस्कार और अनुशासन को अपनाना चाहिए। महाराज ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, "खेलो, आगे बढ़ो, लेकिन अपने संस्कार और मर्यादा को कभी मत भूलो।" उन्होंने कहा कि जो बच्चे खेल के साथ-साथ अपने व्यवहार और चरित्र पर ध्यान देते हैं वही जीवन में सच्ची सफलता हासिल करते हैं। खेल से टीमवर्क, धैर्य और संघर्ष करने की प्रेरणा मिलती है जो जीवन के हर क्षेत्र में काम आती है। अंत में उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें और अपने परिवार व समाज का नाम रोशन करें।

खेल के माध्यम से संस्कार और भविष्य की राह

लीग कमिश्नर पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मदन लाल ने कहा कि यह लीग केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं को सही दिशा देना और खेल के माध्यम से अनुशासन तथा संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस मंच से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में बड़े स्तर तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि "क्रिकेट युवाओं को एकजुट करने और सकारात्मक ऊर्जा देने का सबसे बड़ा माध्यम है। इस तरह के टूर्नामेंट से देश के कोने-कोने से प्रतिभाएं सामने आती हैं और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।" वही लीग के प्रमुख सलाहकार सुमेंद्र तिवारी ने कहा कि इस लीग ने यह साबित कर दिया है कि छोटे स्तर से शुरू होकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सनातन प्रीमियर लीग के मंच से कई प्रतिभाएं आगे निकलकर बड़े स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी।

आयोजन की सफलता और आगामी सीजन की घोषणा

उन्होंने आयोजन समिति सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही यह लीग इतनी सफल बन पाई है। आगे कहा कि यह सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि भावनाओं, जुनून और प्रतिभा का उत्सव है, जिसने सभी को गदगद कर दिया तथा आयोजन सचिव शत्रुघन तिवारी ने कहा कि इस आयोजन में युवाओं का उत्साह और दर्शकों का समर्थन बेहद सराहनीय रहा जिसने पूरे टूर्नामेंट को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के अनुशासन और खेल भावना की भी तारीफ की। सनातन प्रीमियर लीग ने यह साबित कर दिया कि खेल न केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम है बल्कि समाज को जोड़ने और युवाओं को प्रेरित करने का भी एक सशक्त जरिया है। अंत में महाराज देवकीनंदन ठाकुर ने सनातन प्रीमियर लीग के सीज़न 2 का आयोजन की घोषणा की और कहा की इससे भी भव्य होगा।

सहयोगियों और आयोजन समिति का सम्मान

महाराज देवकीनंदन ठाकुर ने सनातन प्रीमियर लीग में सभी काम करने वालों को मंच पर सम्मानित किया। लीग में अंपायर और स्कोरर में गजानन वशिष्ठ, रघुनंदन शर्मा, विनोद तिवारी, अतेंद्र वशिष्ठ, प्रेम सिंह, विजय विशु, ओमप्रकाश शर्मा, पंकज गोयल, रूपेंद्र मोहन, भावेश गौरवा, अनुराग संत, मैच रैफरी संजय श्रीवास्तव, ओपी शर्मा, आर्यन शर्मा, हरीश को सम्मानित किया गया। लीग के फाउंडर विजय शर्मा और चीफ़ एडवाइजर सुमेंद्र तिवारी, लीग सीनियर एडवाइजर विनय सिंह, आयोजन सचिव शत्रुघन तिवारी, परिवेक्षक राहुल राणा, आयोजन कमेटी सदस्यों में मंजरी फाउंडेशन के निदेशक संजय शर्मा, भावेन्द्र लाल संतानिया, डॉक्टर, एम एस मितवार, अभिषेक गोला, संजीव गुर्जर, विनायक तिवारी, अमन भार्गव, देव जोशी, आनंद मिश्रा, दीपक शिवहरे, प्रवीण सिंह, त्रिलोकी नाथ शर्मा, सिद्धार्थ आदि रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story