भुसावर। देव उठनी एकादशी के साथ प्रारंभ हुआ मांगलिक कार्यों का शुभ दौर अब धनु मल मास के आगमन के साथ थम गया है। मंगलवार 16 दिसंबर को धनु मल मास की शुरुआत होते ही विवाह, गृह प्रवेश सहित सभी शुभ और मांगलिक कार्यों पर विराम लग गया है। अब मकर संक्रांति पर्व के बाद ही पुनः शुभ कार्यों की शुरुआत संभव हो सकेगी।

विद्वान पंडितों के अनुसार, 15 दिसंबर को शुक्र तारा अस्त हो गया, जबकि 16 दिसंबर को प्रातः 4 बजकर 18 मिनट से धनु मल मास आरंभ हुआ, जो 14 जनवरी 2026 को दोपहर 3 बजकर 5 मिनट तक रहेगा। सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही धनु मल मास, जिसे खरमास भी कहा जाता है, प्रभाव में आ गया है। इस अवधि में सनातन परंपरा के अनुसार विवाह एवं अन्य मांगलिक संस्कार वर्जित माने जाते हैं।

हालांकि 14 जनवरी को सूर्य देव धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेंगे, लेकिन जनवरी माह में शुक्र तारा के अस्त रहने के कारण विवाह व अन्य शुभ कार्य तत्काल प्रारंभ नहीं हो पाएंगे। विद्वानों ने बताया कि 23 जनवरी को बसंत पंचमी का अबूझ सावा रहेगा, जबकि फरवरी माह से नियमित रूप से मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्त उपलब्ध होंगे।

इस बीच पंडितों ने यह भी बताया कि मल मास का विशेष धार्मिक महत्व है। इस अवधि में पूजा-पाठ, जप-तप, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों का फल कई गुना माना जाता है। खासतौर पर पौष बड़ा महोत्सव के आयोजन इस माह की धार्मिक गरिमा को और बढ़ाते हैं। जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान करने से पुण्य की प्राप्ति का विशेष महत्व बताया गया है।

वहीं विद्वानों ने एक महत्वपूर्ण ज्योतिषीय जानकारी साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2026 में आठ वर्ष बाद एक दुर्लभ संयोग बनने जा रहा है, जब ज्येष्ठ मास 59 दिनों का होगा। यह खगोलीय और धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखने वाला काल माना जा रहा है, जिस पर श्रद्धालुओं और ज्योतिषाचार्यों की विशेष नजर बनी हुई है।

धनु मल मास का यह काल न केवल धार्मिक साधना और आत्मचिंतन का अवसर प्रदान करता है, बल्कि आने वाले शुभ समय के लिए संयम और प्रतीक्षा का संदेश भी देता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story