डीग: रोशनी महिला मंडल ने 9 जरूरतमंद बेटियों का कन्यादान कर संपन्न कराया विवाह
संस्था द्वारा दीदावली और परमदरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में गरीब कन्याओं को गृहस्थी का सामान और आभूषण भेंट कर सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन किया गया।

डीग में आयोजित कन्यादान कार्यक्रम के दौरान रोशनी महिला मंडल की सदस्य नवविवाहित बेटियों को उपहार स्वरूप घरेलू बर्तन और आवश्यक सामग्री भेंट करती हुईं।
रोशनी महिला मंडल द्वारा अप्रैल माह में 9 गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह एवं कन्यादान का लिया गया संकल्प सभी भामाशाहों के सहयोग से सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। संस्था की इस पहल ने समाज में स्पष्ट संदेश दिया कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक हैं।
संस्था द्वारा गांव दीदावली, परमदरा, अऊ गेट डीग एवं मसानी मोहल्ला डीग सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 9 विवाह सम्पन्न कराए गए। इन कन्याओं में कुछ ऐसी भी थीं जिनके पिता नहीं हैं, जबकि कुछ की माताएं अकेले मेहनत-मजदूरी कर उनका पालन-पोषण कर रही थीं। ऐसी परिस्थितियों में इन बेटियों का विवाह कराना एक बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसे रोशनी महिला मंडल ने समाज के सहयोग से निभाया।
इस अवसर पर प्रत्येक कन्या को घरेलू उपयोग का सामान, सोने-चांदी के आभूषण, श्रृंगार सामग्री, साड़ियां, कपड़े एवं बर्तन सहित 50,000 रुपये की राशि उपहार स्वरूप भेंट की गई। संस्थापक मीरा गोयल ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे पुण्य कार्य संभव हो पाते हैं। वहीं संस्था की अध्यक्ष मधु जैन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बेटियों को सम्मान के साथ विदा करना है और आगे भी इसी प्रकार जरूरतमंद परिवारों की सहायता करती रहेगी।
संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों के तहत अब तक एक वर्ष में कुल 26 कन्यादान सम्पन्न किए जा चुके हैं, जो अपने आप में एक सराहनीय उपलब्धि है। कार्यक्रम के दौरान मनोरमा सैनी, कृपा शर्मा, प्रेमलता अग्रवाल, राजेश शर्मा, मंजू चौधरी, रजनी सक्सेना, आशा शर्मा, राजवती यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। यह पहल सामाजिक सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का सशक्त उदाहरण बनकर उभरी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
