डीग, 9 दिसम्बर। राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर राजस्थान रोडवेज़ ने अपने पुनरुत्थान का अद्वितीय परिचय प्रस्तुत किया है। परिवहन व्यवस्था केवल यातायात का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक, सामाजिक और जनजीवन की रीढ़ होती है। विशेषकर राजस्थान जैसे विशाल राज्य में, जहां जनसंख्या का महत्वपूर्ण हिस्सा ग्रामीण और शहरी इलाकों में फैला है, विश्वसनीय और किफायती सार्वजनिक परिवहन की महत्ता कई गुना बढ़ जाती है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान रोडवेज़ का नया अध्याय शुरू हुआ। लंबी अवधि से घाटे, पुरानी बसों और कम होती यात्रियों की संख्या जैसी चुनौतियों का सामना कर रही राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम लिमिटेड को आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाना सरकार की प्राथमिकता रही। इसके तहत संचालन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाई गई, सुपरविजन मजबूत किया गया और डीजल लागत पर नियंत्रण स्थापित कर आर्थिक दक्षता सुनिश्चित की गई।

रूट प्लानिंग, संसाधनों के उपयोग और बस संचालन में सुधारों के परिणामस्वरूप प्रतिदिन यात्रियों की संख्या और बसों द्वारा तय औसत किलोमीटर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इन सुधारों ने न केवल रोडवेज़ के दैनिक संचालन को नई ऊर्जा दी, बल्कि वर्षों से एक हजार करोड़ रुपये प्रतिवर्ष के घाटे को घटाकर लगभग तीन सौ करोड़ रुपये तक सीमित कर दिया। यह कदम राजस्थान रोडवेज़ के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण सुधारों में गिना जा रहा है और इसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरदर्शिता और सक्रिय नेतृत्व का प्रत्यक्ष परिणाम माना जा रहा है।

इस सुधार यात्रा में 810 नई बसों का बेड़े में समावेश और 352 अनुबंधित बसों का जुड़ाव प्रमुख मील का पत्थर साबित हुआ। नई बसों से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा का अनुभव मिला, वहीं बढ़े हुए नेटवर्क और बेहतर सेवाओं ने रोडवेज़ की आय पर भी सकारात्मक असर डाला। आगामी समय में और 800 नई बसों को शामिल करने की योजना से प्रदेश के अधिक क्षेत्रों में बेहतर बस सेवाएं उपलब्ध होंगी और रोडवेज़ को पूर्णतया लाभदायक इकाई बनाने का लक्ष्य साकार होगा।

राजस्थान रोडवेज़ का यह काया कल्प केवल परिवहन सुधार नहीं, बल्कि राज्य में सुशासन, जवाबदेही और जन-केंद्रित नीतियों का प्रतीक बनकर सामने आया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था ने नई दिशा और ऊर्जा पाई है, और आने वाले वर्षों में यह बदलाव और मजबूती के साथ जारी रहने का संकेत देता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story