राजस्थान महिला कांग्रेस का महंगाई और रसोई गैस की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन
जयपुर में प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में नारेबाजी की।

जयपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करतीं राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सारिका सिंह, प्रदेश महासचिव रिक्की सिंह हंतरा और अन्य कार्यकर्ता।
देशभर में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस ने जयपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने किया, जबकि प्रदेश महासचिव एवं डीडवाना-कुचामन प्रभारी रिक्की सिंह हंतरा भी आंदोलन में शामिल रहीं।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया। “महंगाई की मार, नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “मोदी सरकार जवाब दो” और “जनता को राहत दो” जैसे नारों से प्रदर्शन स्थल गूंज उठा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने आम आदमी का जीवन संकट में डाल दिया है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से हर परिवार का बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि महिलाएं रसोई चलाने के लिए संघर्ष कर रही हैं, युवा बेरोजगारी से परेशान हैं और गरीब वर्ग दो वक्त की रोटी के लिए जूझ रहा है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं से दूर केवल प्रचार में व्यस्त है।
प्रदेश महासचिव एवं डीडवाना-कुचामन प्रभारी रिक्की सिंह हंतरा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार को लोगों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
रिक्की सिंह हंतरा ने कहा कि किसान महंगा डीजल खरीदने को मजबूर है, गृहिणियां महंगे गैस सिलेंडर से परेशान हैं और युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता को केवल झूठे वादे और महंगाई का बोझ दिया है।
राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल राहत देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप दिया जाएगा। बढ़ती महंगाई को लेकर प्रदेश महिला कांग्रेस का यह प्रदर्शन राजनीतिक और जनसरोकार के स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
