भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में सुशासन और विकास के तमाम दावों के बीच शहर के रेलवे अंडरपास वर्तमान में आमजन के लिए जानलेवा मुसीबत का सबब बन चुके हैं। रखरखाव के अभाव में बदहाल हो चुके इन अंडरपासों की स्थिति इतनी विकट है कि बिना बारिश के भी ये जलमग्न हैं, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। इस ज्वलंत समस्या को लेकर उपभोक्ता अधिकार समिति ने कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर राकेश पाठक को ज्ञापन सौंपा और व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए अल्टीमेटम दिया।

समस्या की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर के प्रमुख अंडरपासों में कीचड़ और मलबे का साम्राज्य स्थापित हो गया है। समिति के केंद्रीय अध्यक्ष सुनील राठी और सचिव प्रहलाद राय व्यास ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन न केवल जनता की तकलीफों के प्रति संवेदनहीन बना हुआ है, बल्कि वह न्यायिक आदेशों को भी ठेंगे पर रख रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थायी लोक अदालत, भीलवाड़ा ने पूर्व में ही अंडरपासों के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपने के स्पष्ट आदेश दिए थे, किंतु निगम प्रशासन की कुंभकर्णी नींद टूटने का नाम नहीं ले रही है। यह स्थिति सीधे तौर पर अदालत की अवमानना की श्रेणी में आती है।

शहर के अलग-अलग हिस्सों में अंडरपास की स्थिति नरकीय हो चुकी है। विशेषकर समेलिया फाटक अंडरपास में बिना मानसूनी सीजन के भी लबालब पानी भरा हुआ है। वहीं, अजमेर रोड स्थित पांडु के नाले के पास स्थित अंडरपास कीचड़ और मलबे के कारण राहगीरों के लिए दुस्वप्न बन गया है। गुरु नानक पेट्रोल पंप के पास बने अंडरपास में जलभराव के चलते आए दिन वाहन खराब हो रहे हैं और लोग बीच रास्ते में फंसने को मजबूर हैं। विडंबना यह है कि इन अंडरपासों में लाइटिंग की व्यवस्था भी पूरी तरह ठप है, जिसके कारण रात के अंधेरे में वाहन चालक गहरे गड्ढों का अनुमान नहीं लगा पाते और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

समिति के मानव अधिकार प्रदेश अध्यक्ष अशोक सोडाणी एवं केंद्रीय महिला अध्यक्ष मधु जाजू ने निगम को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रही है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। समिति ने मांग की है कि पंपों के माध्यम से तुरंत गंदे पानी की निकासी की जाए, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत हो और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला जिला अध्यक्ष अर्चना दुबे, अशोक सोमानी, अंकित सोमानी और राहुल सोमानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समिति ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आमजन के हितों की रक्षा के लिए एक वृहद और उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story