बयाना। बयाना–रूपवास विधायक डॉ. ऋतु बनावत के खिलाफ कथित रूप से किए गए स्टिंग ऑपरेशन और उसके अखबार में प्रकाशन को लेकर बयाना क्षेत्र में विरोध का स्वर लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बयाना कस्बे में शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और सुभाष चौक सर्किल पर पहुंचकर दैनिक भास्कर के एक पत्रकार का पुतला तथा अखबार की प्रतियां जलाकर उग्र विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रविवार को दैनिक भास्कर में प्रकाशित एक खबर में बयाना–रूपवास विधायक डॉ. ऋतु बनावत सहित अन्य दो विधायकों को निशाना बनाया गया। इस खबर के सामने आने के बाद विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी आरोपों को निराधार और झूठा बताते हुए अपना पक्ष सार्वजनिक रूप से रखा था। उनके समर्थकों और क्षेत्रवासियों का दावा है कि बयाना की जनता विधायक के कार्यों और छवि से भली-भांति परिचित है और इस तरह की खबरों से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने दैनिक भास्कर के पत्रकार अवधेश अकोदिया के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि कथित फर्जी स्टिंग ऑपरेशन के माध्यम से एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनकारियों ने इसे जनभावनाओं को आहत करने वाला कदम बताते हुए अखबार की प्रतियां जलाईं और क्षेत्र के लोगों से दैनिक भास्कर का बहिष्कार करने की अपील भी की।

इससे पहले सोमवार को रूपबास तहसील क्षेत्र में भी इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था, जहां अखबार की प्रतियां जलाकर रोष जताया गया था। अब बयाना में हुए इस प्रदर्शन से मामला और तूल पकड़ता नजर आ रहा है। प्रदर्शन में राजेश गोयल, कमल आर्य, प्रदीप आर्य, मणी अग्रवाल, सुनील कटारा, सौरव गर्ग, मुरली मोहन एडवोकेट सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

लगातार हो रहे इन विरोध प्रदर्शनों से स्पष्ट है कि यह मामला अब केवल एक खबर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि क्षेत्र में जनभावनाओं और राजनीतिक हलकों में गहरी चर्चा का विषय बन गया है, जिस पर आने वाले दिनों में प्रशासन और संबंधित पक्षों की नजर बनी रहेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story