राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को भुसावर में एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया। पंजाब नेशनल बैंक की भुसावर शाखा में तैनात एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी और उसके रिश्तेदार सोमेन्द्र कुमार सैनी को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के बैंकिंग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर एसीबी चौकी भरतपुर इकाई ने यह ट्रैप कार्रवाई की। आरोप है कि परिवादी ने पीएनबी शाखा भुसावर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग उन्नयन (PMFME) योजना के अंतर्गत ऋण के लिए आवेदन किया था। लोन स्वीकृत करने की एवज में एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी लगातार परिवादी से 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान, जयपुर के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में ट्रैप की योजना बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीबी भरतपुर अमित सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में दोनों आरोपियों को पीएनबी बैंक भुसावर के बाहर सड़क पर परिवादी से रिश्वत लेते हुए दबोच लिया गया।

ट्रैप के दौरान 1 लाख 50 हजार रुपये की राशि बरामद की गई, जिसमें 20 हजार रुपये भारतीय चलन मुद्रा और 1 लाख 30 हजार रुपये डमी करेंसी शामिल थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने रिश्तेदार को रिश्वत की रकम लेने के लिए आगे किया था, ताकि स्वयं संदेह के दायरे से बच सके।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी योजनाओं के नाम पर रिश्वतखोरी करने वालों के खिलाफ एसीबी का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story