पाँचना कमांड एरिया में नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर प्रस्तावित किसानों की महा पंचायत फिलहाल स्थगित कर दी गई है। खण्डीप गांव में शुक्रवार 23 मई को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में कमांड एरिया के सभी पंच-पटेलों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया।

बैठक में तय किया गया कि 24 मई 2026 को धूनी नयागाँव में प्रस्तावित महा पंचायत अब आयोजित नहीं होगी। किसानों ने यह निर्णय माननीय उच्च न्यायालय द्वारा 26 मई तक नहरों में पानी खोलने के आदेश जारी किए जाने के बाद लिया है। बैठक में मौजूद किसानों और पंच-पटेलों ने कहा कि न्यायालय के आदेश को ध्यान में रखते हुए फिलहाल आंदोलनात्मक कार्यक्रम को स्थगित रखा जाएगा।

खण्डीप गांव में हुई बैठक में कमांड एरिया के किसानों ने आगे की रणनीति पर भी चर्चा की। सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि 26 मई को उच्च न्यायालय के आदेश की स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगामी महा पंचायत की नई तारीख निर्धारित की जाएगी। किसानों का कहना है कि नहरों में पानी छोड़े जाने को लेकर आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेश और प्रशासनिक स्थिति को देखते हुए तय की जाएगी।

पाँचना कमांड एरिया में पानी की मांग को लेकर किसानों की लगातार सक्रियता के बीच महा पंचायत का स्थगन क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब 26 मई को उच्च न्यायालय के आदेश के बाद किसानों की अगली रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story