डीग, 14 नवंबर।

पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर मनाए गए बाल दिवस के अवसर पर डीग में उत्साह और सीख से भरे कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिले के विद्यालयों में बच्चों के बीच बाल सभाएं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं और विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसी क्रम में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल अऊ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीग जिला अस्पताल के उपनिदेशक एवं भामाशाह डॉ. जितेंद्र सिंह फौजदार मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को स्कूल बैग वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. फौजदार ने पंडित नेहरू के बच्चों के प्रति प्रेम और स्नेह का स्मरण कराते हुए कहा कि बच्चे गीली मिट्टी के समान होते हैं, जिन्हें जैसे आकार में ढाला जाए, उनका व्यक्तित्व भी वैसा ही उभरकर सामने आता है।

उन्होंने कहा कि बच्चे कोरे कागज की तरह होते हैं और उन पर लिखे गए संस्कार ही उनके भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को ऐसे मूल्य प्रदान करें, जो उन्हें समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाएं।

कार्यक्रम में शिक्षक हेमराज, शिक्षिका प्रियंका डागुर, आशु सहित स्कूल के बच्चे और पूरा स्टाफ मौजूद रहा। बाल दिवस के इस आयोजन ने न सिर्फ बच्चों को खुशी दी, बल्कि उन्हें प्रेरणा और सकारात्मक संस्कारों का संदेश भी प्रदान किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story