राजस्थान के डीग जिले में नीट परीक्षा 2026 के पेपर लीक प्रकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा, प्रदेश सचिव, राजीव गांधी पंचायतीराज विभाग राजस्थान (राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी) व जिलाध्यक्ष, विधिक, मानवाधिकार एवं RTI विभाग तथा असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस, जिला डीग के नेतृत्व में बुधवार को राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर मयंक मनीष को एक कड़ा ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन के माध्यम से 3 मई, 2026 को आयोजित हुई नीट परीक्षा के पेपर लीक होने की घटना को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA), शिक्षा विभाग और केंद्र सरकार की घोर लापरवाही करार देते हुए NTA को तत्काल भंग करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की पुरजोर मांग की गई है।

एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा ने घटना की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 3 मई को आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में देश भर के लगभग 22 लाख छात्रों ने भाग लिया था। ये छात्र पिछले दो वर्षों से दिन-रात कठिन परिश्रम और पूर्ण लगन के साथ तैयारी कर रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार के अधीन कार्यरत NTA की विफलता के कारण लगातार तीसरी बार देश की इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक हो गया। उन्होंने भावुक और तल्ख लहजे में कहा कि कई गरीब परिवारों ने अपने बच्चों को कोचिंग दिलाने के लिए कर्ज लिया, अपनी पैतृक संपत्ति और आभूषण तक बेच दिए, परंतु पेपर लीक और परीक्षा निरस्त होने से उन छात्रों के अधिकारों पर कुठाराघात हुआ है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। इस घटना ने छात्रों को न केवल आर्थिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी गहरा आघात पहुँचाया है।

ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि NTA सीधे तौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीन है, अतः इस विफलता की संपूर्ण जिम्मेदारी केंद्र सरकार की बनती है। बार-बार परीक्षाओं के रद्द होने से NTA की कार्यप्रणाली संदिग्ध हो चुकी है, इसके बावजूद केंद्र सरकार एजेंसी के प्रमुख के विरुद्ध ठोस कार्रवाई करने के बजाय उनकी कमियों को संरक्षण दे रही है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति से गुहार लगाई है कि परीक्षा की गुणवत्ता और छात्रों के साथ न्याय सुनिश्चित करने हेतु NTA को भंग करना और शिक्षा मंत्री को पद से हटाना अनिवार्य है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान भवानी शंकर शर्मा (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, खोह), सुगड़ सिंह जाटव (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, नगर), भगवान सिंह कोली (जिलाध्यक्ष, सेवादल कांग्रेस, डीग), प्रताप सिंह नौगावा (जिलाध्यक्ष, राजेश पायलट किसान संगठन, डीग), श्रीकांत शर्मा (शहर कांग्रेस अध्यक्ष, नगर), श्रीराम जाटव (जिलाध्यक्ष, SC प्रकोष्ठ, डीग) और रामस्वरूप प्रभाती (जिलाध्यक्ष, शिक्षक प्रकोष्ठ, डीग) सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story