भरतपुर, 22 दिसंबर। प्रयत्न संस्था द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर के दिव्यांग फैशन एवं टैलेंट शो ने प्रेम गार्डन, भरतपुर में दिव्यांग प्रतिभाओं की छिपी हुई क्षमता को उजागर करते हुए समाज के सामने आत्मविश्वास का अनुपम संदेश प्रस्तुत किया। देशभर के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, गीत और नृत्य के माध्यम से यह साबित किया कि हौसला किसी भी सीमा का मोहताज नहीं होता।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों श्रीमती सुनीता अग्रवाल, नीतू अग्रवाल, अनिल सिंह, सीए अतुल मित्तल, विनय अग्रवाल, राहुल बंसल, डॉ. राम कुमार शर्मा, प्रमोद कुमार मंडल, सुभी शर्मा, बॉबी गोला, राजेश वर्मा और पुनीत गोयल ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर गोरखपुर, रायगंज, मुरैना, ग्वालियर, फिरोजाबाद, इटावा, कोटा, दिल्ली, जयपुर, प्रयागराज, वाराणसी और नदबई सहित अनेक शहरों से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में सिंगिंग, डांसिंग और मॉडलिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मॉडलिंग प्रतियोगिता को बच्चों, बड़ों और व्हीलचेयर श्रेणी में विभाजित किया गया। डांस प्रतियोगिता में रामसेवक प्रथम, ऋतु राजपूत द्वितीय तथा वेदप्रकाश चौधरी एवं सुनीता खींची संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। सिंगिंग प्रतियोगिता में गुनगुन जायसवाल ने प्रथम, हेमनंदनी ने द्वितीय और मनीष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि संजय को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

व्हीलचेयर मॉडलिंग में सत्यप्रकाश, सीताराम और सीमा मिश्रा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। बच्चों की मॉडलिंग में कनक प्रथम, अनुष्का द्वितीय और तारिणी तृतीय रहीं। सीनियर मॉडलिंग में रेखा देवी, समीना और राजेंद्र सिंह विजेता रहे। सभी प्रथम विजेताओं को ₹2100 नकद, ट्रॉफी, मेडल और गिफ्ट पैक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

संस्था की अध्यक्ष श्रीमती सिपिका गोयल ने कहा कि यह आयोजन दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सचिव श्रीमती अलका मित्तल ने बताया कि यह कार्यक्रम संस्था द्वारा लगातार तीसरी बार आयोजित किया गया है। संस्थापक श्रीमती अंजू मित्तल ने कहा कि दिव्यांगजन भी समाज की मुख्यधारा से जुड़कर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकते हैं।

कार्यक्रम में विवेक सोनी, चेयरमैन – सोनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के साथ ही हरि ऑयल, जनरल मिल्स, ब्रिज हनी प्राइवेट लिमिटेड, होटल अनोखी, श्री लोकेंद्र इंडस्ट्री, विनीत अग्रवाल और एस.एन. कैपिटल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान सचिन मित्तल द्वारा पूर्व वर्षों की झलकियों को प्रदर्शित किया गया, जिसे दर्शकों और अतिथियों ने सराहा। उपाध्यक्ष डिंपल मित्तल और कोषाध्यक्ष नीतू गुप्ता ने अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया।

समापन समारोह का संचालन सुनीता कुलश्रेष्ठ और अलका मित्तल ने किया, जबकि नीतू गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में डिंपल मित्तल, रंजना पाराशर, निधि, टीना, स्वाति, पूजा, रुचि, डॉली, ममता, मीरा, पारुल, कविता, अर्चना, तरुणा, प्रीति बंसल और नेहा की सक्रिय भूमिका रही। यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि समाज में दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का संदेश भी फैलाया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story