नरहरपुर में विकास के दावे बेअसर, बदहाल रास्तों से अर्थी ले जाना भी मुश्किल
वैर विधानसभा के नरहरपुर गांव में बदहाल रास्तों और कीचड़ से ग्रामीण परेशान हैं। मोक्षधाम तक अर्थी ले जाना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन देकर प्रशासन को पांच दिन का समय दिया।

तस्वीर में नरहरपुर गांव के ग्रामीण वैर उपखंड कार्यालय के बाहर अपनी मांगों का ज्ञापन दिखाते हुए नजर आ रहे हैं.
भुसावर। वैर विधानसभा क्षेत्र की सिरस ग्राम पंचायत का नरहरपुर गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों का इंतजार कर रहा है। गांव की मुख्य सड़क वर्षों से खस्ताहाल पड़ी है। रास्तों में कीचड़ और जलभराव की स्थिति के चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि मोक्षधाम जाने वाले मुख्य मार्ग से अंतिम यात्रा के दौरान अर्थी ले जाना भी मुश्किल हो गया है और ग्रामीणों को हर पल अर्थी सहित गिरने का डर बना रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्रीय विधायक बहादुर सिंह कोली को तीन-तीन बार गांव बुलाकर लिखित में समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। ग्रामीणों का कहना है कि चाहे पूर्ववर्ती सरकार रही हो या वर्तमान, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया।
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ग्रामीणों ने आज गुरुवार को रॉकी चौधरी के सानिध्य में वैर उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रॉकी चौधरी, राजीव और रामसजन ने बताया कि गांव के आम रास्ते खराब पड़े हुए हैं। रास्तों में इतना कीचड़ है कि गांव से होकर अर्थी को निकालना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से रास्तों की हालत सुधारने, पानी की व्यवस्था करने और श्मशान में सफाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन को मांगें पूरी करने के लिए पांच दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि यदि पांच दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो ग्रामीणों की ओर से शांतिपूर्वक धरना दिया जाएगा।
ज्ञापन सौंपे जाने के समय रघवीर, रणधीर, रंजीत, दिलीप, राजीव, जगबीर, कुंजबिहारी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। नरहरपुर के ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन और पांच दिन की समय-सीमा के बाद अब प्रशासन के स्तर पर इन मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर होने वाली कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर है।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
