भरतपुर, 14 नवंबर। राष्ट्रीय चेतना, इतिहास और लोकतांत्रिक मूल्यों की गौरवशाली विरासत को एक मंच पर पिरोते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, जयपुर एवं सवाई माधोपुर द्वारा आयोजित वंदे मातरम के 150 वर्ष तथा संविधान के 75 वर्ष पर केंद्रित मल्टीमीडिया प्रदर्शनी शुक्रवार को विधिवत संपन्न हो गई। तीन दिनों तक चली यह प्रदर्शनी डिजिटल माध्यमों के जरिए आमजन को केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं और राष्ट्रीय महत्व से जुड़े विषयों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का जीवंत माध्यम बनी।

समापन समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) राहुल सैनी ने वंदे मातरम को एक मंत्र, ऊर्जा, स्वप्न और संकल्प के रूप में वर्णित करते हुए कहा कि यह गीत भारतीयों को भावनात्मक रूप से एक सूत्र में पिरोता है और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल जानकारी देना भर नहीं था, बल्कि देशभक्ति की भावना जगाने, स्वतंत्रता संग्राम के महत्व को समझाने और युवा पीढ़ी में राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा जगाने का था। उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि वे यहां से मिली उपयोगी जानकारी को समाज तक पहुँचाकर जनजागरूकता को और व्यापक बनाएँ।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनित कुमार शर्मा ने नई शिक्षा नीति, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, सर्व शिक्षा अभियान, बालिका शिक्षा, स्वच्छता और राष्ट्रीय एकता से जुड़ी पहलों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी युवा पीढ़ी में नीतिगत एवं योजनागत समझ विकसित करने का प्रभावी मंच सिद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि जब युवा नीतियों के उद्देश्य को समझते हैं, तब राष्ट्र के विकास की दिशा मजबूती पाती है।

मीडिया एवं संचार अधिकारी आशीष वर्मा ने बताया कि जनकल्याणकारी योजनाओं को सरल और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे हर आयु वर्ग के लोगों ने सहजता से जानकारी ग्रहण की। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रदर्शनी से मिली तथ्यपूर्ण जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जाए।

कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सवाई माधोपुर के प्रभारी नेमीचंद मीणा ने डिजिटल माध्यम से योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि कोटा इकाई के प्रेम सिंह यादव ने संचालन किया। प्रदर्शनी के दौरान मौखिक प्रश्नोत्तरी, पुशअप, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी संतोष कुमार, प्राचार्य डॉ. शिवसिंह मीना और जावेद खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

दूसरे सत्र में भरतपुर जिले के शिक्षा विभाग के संस्था प्रधानों का सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें उपस्थित प्रधानाचार्यों ने इस डिजिटल प्रदर्शनी को समयोचित, ज्ञानवर्धक और अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम में जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों के छात्र–छात्राओं, युवाओं, महिलाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई, जिससे यह प्रदर्शनी जनभागीदारी और जागरूकता का सफल उदाहरण बनकर उभरी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story