गोपालगढ़, भरतपुर।

क्षेत्र के युवाओं में खेल भावना और ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से कामां विधानसभा क्षेत्र की विधायक नौक्षम चौधरी ने रविवार को गोपालगढ़ में आयोजित गोपालगढ़ प्रीमियम लीग (GPL) का भव्य उद्घाटन किया। उन्होंने पारंपरिक तरीके से रिबन काटकर और बल्ला घुमाकर टूर्नामेंट की शुरुआत की, जिससे मैदान में उपस्थित दर्शकों और खिलाड़ियों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

कार्यक्रम के दौरान विधायक चौधरी का आयोजक समिति और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें फूलमालाओं से लादकर और चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर गोपालगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, युवा और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अपने संबोधन में विधायक नौक्षम चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए खेल के क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी क्रम में उन्होंने गोपालगढ़ में एक आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की घोषणा की, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल सकेगा और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपना कौशल दिखा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का संचार करता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी है। विधायक ने युवाओं से नशे और असामाजिक प्रवृत्तियों से दूर रहकर खेल और शिक्षा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने विधायक की इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी। टूर्नामेंट की आयोजक समिति ने भी विधायक का आभार जताते हुए कहा कि GPL जैसी प्रतियोगिताएँ न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देती हैं बल्कि गांवों के बीच आपसी एकता और भाईचारे को भी मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और खिलाड़ियों के सम्मान के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और गोपालगढ़ खेल प्रेमियों से गूंज उठा।

Rambabu Dixit

Rambabu Dixit

रामबाबू दीक्षित, हमारे समाचार टीम के वरिष्ठ संवाददाता हैं। समाचार रिपोर्टिंग में उनके पास वर्षों का अनुभव है और वे हमेशा सटीक, निष्पक्ष और तथ्यपूर्ण खबरें प्रस्तुत करने के लिए समर्पित रहते हैं। उन्होंने विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विषयों पर गहन कवरेज किया है और अपने लेखन में पाठकों को विश्वसनीय जानकारी प्रदान करने का विश्वास रखते हैं। प्रात:काल में रामबाबू दीक्षित की रिपोर्टिंग पाठकों को घटनाओं की वास्तविक तस्वीर समझने में मदद करती है।

Next Story