डीग, 20 दिसंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष के सुशासन और सेवा काल के उपलक्ष्य में मेवात क्षेत्र में शिक्षा और ग्रामीण विकास को नया आयाम मिला। गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म शनिवार को नगर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में सघन दौरे पर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम सैमला कलां में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में 'मेवात विकास योजना' के तहत निर्मित इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का विधिवत लोकार्पण किया।

विद्यालय परिसर में फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मंत्री बेढ़म ने कहा, "शिक्षा का मंदिर स्वच्छ और अनुशासित होना चाहिए। यह निर्माण कार्य न केवल छात्रों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ आवागमन सुनिश्चित करेगा, बल्कि उन्हें अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण भी प्रदान करेगा। हमारा लक्ष्य है कि मेवात क्षेत्र के हर विद्यालय में उच्च गुणवत्ता के संसाधन उपलब्ध हों, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाएं प्रदेश और देश में अपना नाम रोशन कर सकें।"

अपने दौरे के दौरान मंत्री बेढ़म ने मनौता और मोरका ग्राम पंचायतों से शुरुआत की और विकास रथ के माध्यम से खखावली, पेंडका और भावली ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों से संवाद किया। प्रत्येक पड़ाव पर उन्होंने सरकार के कार्यों की समीक्षा की और ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे अधिकारियों के संज्ञान में लाते हुए त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास रथ केवल प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार का पारदर्शी 'रिपोर्ट कार्ड' है।

ग्राम सैमला कलां में कार्यक्रम में नगर पंचायत समिति के प्रधान आरिफ खान और ग्राम पंचायत की सरपंच वीरवती करन सिंह गुर्जर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने विभिन्न गांवों में आयोजित चौपालों में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, "हमारा उद्देश्य केवल घोषणाएँ करना नहीं, बल्कि धरातल पर उनका क्रियान्वयन करना है। पिछ्ले दो वर्षों में आधारभूत संरचना, पेयजल और कानून व्यवस्था में किए गए कार्य सुशासन का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुँचाना ही हमारी प्राथमिकता है।"

मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म का यह सघन दौरा मेवात क्षेत्र में शिक्षा और ग्रामीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का सजीव प्रमाण साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story