बयाना। लंबित भर्तियों और नियुक्ति संबंधी मांगों के समाधान की मांग को लेकर एमबीसी समाज के अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शहीद स्थल, सिकंदरा पर जारी धरने के 41वें दिन अभ्यर्थियों ने सरकार और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के उद्देश्य से शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर अपनी आवाज बुलंद की।

यह पैदल मार्च शहीद स्थल सिकंदरा से प्रारंभ होकर सिकंदरा चौराहा होते हुए गिरधरपुरा टोल टैक्स तक निकाला गया। मार्च के दौरान अभ्यर्थियों ने तख्तियों के माध्यम से अपनी लंबित मांगों को प्रदर्शित किया और शीघ्र समाधान की मांग दोहराई। अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में रीट भर्ती 2018 के 372 पदों पर नियुक्ति, 1252 कर्मचारियों का स्थायीकरण, पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती 2019 के 20 पदों पर नियुक्ति तथा रीट भर्ती 2021 के 233 पदों पर नियुक्ति सहित कुल 11 सूत्रीय मांगें शामिल हैं।

धरनारत अभ्यर्थियों का कहना है कि इन मांगों के लंबे समय से लंबित रहने के कारण उनका भविष्य अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है। रीट अभ्यर्थी निरभान सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक सभी लंबित मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक शांतिपूर्ण धरना और आंदोलन जारी रहेगा।

पैदल मार्च और धरने में निरभान सिंह (महरावर), रूपसिंह (दौसा), लालाराम (नगर), जयराम (अलवर), वेदप्रकाश (पसोपा), रोशन (विराटनगर), रामलाल (विराटनगर), गोपाल (विराटनगर), विजय (सेऊ), रणवीर (डाबक) सहित बड़ी संख्या में एमबीसी अभ्यर्थी उपस्थित रहे। शांतिपूर्ण ढंग से निकाले गए इस मार्च ने एक बार फिर प्रशासन और सरकार के समक्ष अभ्यर्थियों की मांगों की गंभीरता को रेखांकित किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story