बयाना। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी मंगला पशु बीमा योजना 2025-26 1 दिसंबर 2025 से पूरे राज्य में लागू होने जा रही है। इस योजना के तहत लगभग 21 लाख पशुओं को निःशुल्क बीमा का लाभ मिलेगा, जिससे पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही पशुधन संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय बयाना के नोडल अधिकारी डॉ. गिरीश गोयल ने बताया कि योजना के तहत पशुपालकों के लिए विशेष रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चलाई जाएगी। बयाना उपखंड में करीब 5,000 पशुओं को बीमा दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है।

डॉ. गोयल ने आगे बताया कि योजना के तहत 1 दिसंबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक प्रत्येक रेवेन्यू गांव में शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें पशुओं का रजिस्ट्रेशन और बीमा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीमा करवाने के बाद यदि किसी कारण से पशु की मृत्यु होती है, तो पशुपालक को 40,000 रुपये तक का मुआवजा मिलेगा।

इस योजना में भैंस, गाय, भेड़, बकरी और ऊंट जैसी विभिन्न श्रेणियों के पशुओं का बीमा शामिल है। एक जन आधार पर दो भैंस या दो गायों का बीमा कराया जा सकेगा, जबकि एक जन आधार पर एक भैंस और दस भेड़/बकरियों का बीमा भी किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त, ऊंटों का भी बीमा करवाना संभव होगा।

डॉ. गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पशुपालकों के हित को ध्यान में रखते हुए यह योजना शुरू की गई है। पशु मृत्यु पर पहले कोई आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं थी, जिससे पशुपालक गंभीर वित्तीय संकट का सामना करते थे। अब इस योजना के लागू होने से पशुपालकों को बड़ी राहत मिलेगी और राज्य में पशुधन सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

स्थानीय पशुपालक योजना को लेकर उत्साहित हैं और गांवों में शिविरों के आयोजन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मंगला पशु बीमा योजना न केवल पशुपालकों के लिए आर्थिक सुरक्षा का साधन होगी, बल्कि यह राजस्थान में पशुधन संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम भी साबित होगी।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story