डीग, 20 नवंबर। राजस्थान सरकार की पहल से पशुपालकों के लिए मंगला पशु बीमा योजना का आगाज इस वर्ष 21 नवंबर 2025 से होने जा रहा है। इस बार योजना के तहत राज्य में 21 लाख पशुओं का बीमा निशुल्क किया जाएगा। पशुपालन विभाग, डीग के उपनिर्देशक भावना यादव ने जानकारी दी कि योजना सत्र 2025-26 में राज्यभर के पशुपालक आसानी से अपने पशुओं का बीमा करवा सकेंगे।

पिछली बार योजना का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया गया था, लेकिन इस बार पशुपालकों को प्राथमिकता उन लोगों को दी जाएगी जिनका पिछली बार लॉटरी के माध्यम से चयन नहीं हुआ। यानी कि पहले वे पशु पालक अपने पशुओं का रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। इसके लिए पशुपालकों को अपने आधार कार्ड में जुड़े मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी सुनिश्चित करनी होगी ताकि पंजीकरण और बीमा क्लेम में किसी प्रकार की परेशानी न आए।

डॉ. नटवर सिंह ने बताया कि योजना शुरू होते ही पंजीकरण की प्रक्रिया सक्रिय कर दी जाएगी और जिनका रजिस्ट्रेशन पहले होगा, उनका बीमा पहले गांव या वार्ड स्तर पर किया जाएगा। पशुपालक अपने मोबाइल के माध्यम से भी सीधे पंजीकरण कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक सहज और पारदर्शी बनेगी।

मंगला पशु बीमा योजना का उद्देश्य राज्य के पशुपालकों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना और पशु पालन के क्षेत्र में जोखिम घटाना है। योजना के माध्यम से पशुपालक अपने पशुओं को बीमारियों और आकस्मिक नुकसान से सुरक्षित कर सकेंगे, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा।

राजस्थान सरकार की यह पहल न केवल पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी, बल्कि राज्य में पशु स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story