सुहारी सड़क मार्ग स्थित बादशाह की हौद मोक्षधाम में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग पर कथा स्थल जयकारों और भजनों से गूंज उठा तथा श्रद्धालु भक्ति रस में झूम उठे।

पितृ आह्वान में संकल्प हेतु समस्त कस्बावासियों एवं आयोजक श्री ठाकुर ठाकुरानी के नेतृत्व में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में कथा वाचक पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र ने भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का मार्मिक वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब पृथ्वी पर आसुरी शक्तियों और अधर्म का प्रभाव बढ़ा है, तब-तब भगवान ने धर्म की रक्षा और अधर्म के विनाश के लिए अवतार लिया है। उन्होंने कहा कि मथुरा में राजा कंस के अत्याचारों से पीड़ित धरती की करुण पुकार सुनकर भगवान नारायण ने देवकी के अष्टम पुत्र के रूप में श्रीकृष्ण अवतार धारण किया और धर्म एवं प्रजा की रक्षा करते हुए कंस का अंत किया।

कथा के दौरान पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र ने भागवत कथा के विभिन्न प्रसंगों का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि मानव जीवन में श्रीमद् भागवत कथा सुनने का सौभाग्य अत्यंत दुर्लभ होता है। जब भी यह अवसर प्राप्त हो, उसका सदुपयोग करना चाहिए। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर भजनों एवं जयकारों के बीच भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कस्बे में पहली बार बादशाह की हौद मोक्षधाम में आयोजित की जा रही संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन कथा का समापन आरती एवं प्रसादी वितरण के साथ हुआ। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक वातावरण को नई ऊर्जा प्रदान की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story