सड़क सुरक्षा सप्ताह में खेड़ली मोड़ थाना पुलिस की सख्ती — यातायात नियम तोड़ने पर 21 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई, नियमों की दी समझाइश
भरतपुर जिले के खेड़ली मोड़ थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जयपुर-भरतपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभियान चलाकर 21 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनने वालों पर जुर्माना वसूलते हुए पुलिस ने यातायात नियमों की सख्त पालना की अपील की।

भुसावर। राजस्थान में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए प्रदेशभर में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत भरतपुर जिले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 (जयपुर-भरतपुर मार्ग) पर खेड़ली मोड़ थाना पुलिस ने अभियान चलाकर यातायात नियमों की पालना नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
कार्यवाहक थानाधिकारी एएसआई महेश कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 21 दुपहिया और चौपहिया वाहन चालकों के चालान काटकर जुर्माना वसूला। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर दिगंत आनंद और आईजी रेंज भरतपुर कैलाश चंद विश्नोई के आदेशों पर, वैर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा सीओ भुसावर धर्मेंद्र शर्मा के सुपरविजन में की गई।
पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत यातायात के नियमों की अवहेलना करने वाले दुपहिया चालकों को हेलमेट न पहनने और चौपहिया चालकों को सीट बेल्ट न लगाने पर रोका गया। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान काटते हुए मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। इस दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश दी कि चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपनों की सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग आवश्यक है।
खेड़ली मोड़ थाना के एएसआई महेश चंद ने बताया कि कई वाहन चालक कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर बचने की कोशिश में इधर-उधर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए सभी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क हादसों में कमी लाना है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों की सख्ती से पालना करें, ताकि खुद की और दूसरों की जान सुरक्षित रह सके। इस प्रकार खेड़ली मोड़ थाना पुलिस की इस कार्रवाई ने क्षेत्र में यातायात अनुशासन के प्रति लोगों में एक सकारात्मक संदेश दिया है।
- सड़क सुरक्षा सप्ताहभरतपुर पुलिस अभियानखेड़ली मोड़ थानायातायात नियमहेलमेट चालानसीट बेल्ट चालानभुसावर समाचारराजस्थान पुलिस कार्रवाईNH21 जयपुर भरतपुरASI महेश कुमारDIG दिगंत आनंदIG कैलाश चंद विश्नोईCO धर्मेंद्र शर्मावाहन चालान अभियानBharatpur road safety campaignRajasthan traffic policeKhedli Mod police actionRoad safety awareness Rajasthan

Umesh Lawania, Bharatpur
उमेश लावणिया भरतपुर से हमारे प्रतिष्ठित संवाददाता हैं। स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों के सटीक और समयनिष्ठ कवरेज के लिए उन्हें जाना जाता है। प्रात:काल न्यूज़ के पाठकों तक वे हमेशा सत्यनिष्ठ और प्रभावशाली खबरें पहुँचाते हैं। उनके लेख और रिपोर्टिंग में गहराई, स्पष्टता और भरोसेमंद जानकारी का समावेश रहता है, जो उन्हें हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म का एक अहम स्तंभ बनाता है।
