भरतपुर, 16 दिसंबर।

भरतपुर के लिए यह क्षण गौरव, उत्साह और प्रेरणा से भरा है। जिले के होनहार युवा क्रिकेटर कार्तिक शर्मा ने आईपीएल ऑक्शन में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए देशभर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इंडियन प्रीमियर लीग के ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने कार्तिक शर्मा को 14 करोड़ 20 लाख रुपये की बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया, जिससे भरतपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।

जैसे ही कार्तिक शर्मा के चयन की खबर सामने आई, पूरे जिले में जश्न का माहौल बन गया। जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के सचिव शत्रुघन तिवारी ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर लक्ष्मण मंदिर चौराहे पर क्रिकेट प्रेमियों और संघ पदाधिकारियों ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटीं। इस दौरान कार्तिक शर्मा और उनके पिता मनोज शर्मा से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर उन्हें बधाई दी गई। वीडियो कॉल में कार्तिक और उनके पिता भावुक नजर आए और सभी का आभार व्यक्त किया।

शत्रुघन तिवारी ने बताया कि कार्तिक शर्मा का सफर संघर्षों से भरा रहा है। एक साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से निकलकर आईपीएल जैसे मंच तक पहुंचना आसान नहीं था। कार्तिक के पिता मनोज शर्मा ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का पालन-पोषण करते रहे और बेटे के क्रिकेट करियर के लिए हर संभव प्रयास किए। बेटे के सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने अपनी दुकानें तक बेच दीं और करीब 27 लाख रुपये का कर्ज उठाया। कार्तिक की माता, जो आंगनवाड़ी सहयोगिनी हैं, ने भी हर कदम पर बेटे का मनोबल बढ़ाया।

कार्तिक शर्मा बचपन से ही जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के मैदानों में अभ्यास करते रहे। उन्होंने अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19 और रणजी ट्रॉफी जैसे सभी स्तरों पर प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। आईपीएल ट्रायल में भी उनके खेल ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था। अनुमान लगाया जा रहा था कि वे 6 से 7 करोड़ रुपये तक जा सकते हैं, लेकिन 14.20 करोड़ की बोली ने सभी को चौंका दिया। इससे पहले कार्तिक शर्मा को मथुरा दास माथुर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

कार्तिक शर्मा की इस ऐतिहासिक सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे भरतपुर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इस उपलब्धि के जश्न में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विष्णु लोहिया सहित सदस्य नीरज शर्मा, बीनू सिंह, त्रिलोकनाथ शर्मा, अवधेश खटाना, देवेंद्र सिंह कालू, गौरव फौजदार, कप्तान सिंह मीणा, गब्बर पटेल, डॉ. वीरेंद्र पचौरी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्तिक की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए संघर्ष, समर्पण और विश्वास की प्रेरक मिसाल बनकर उभरी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story