ब्लैक कोबरा के डंसने से 60 वर्षीय वृद्ध की मौत, इलाज के लिए अस्पतालों के बीच भटकते रहे परिजन
करौली जिले के भुखरावली गांव में ब्लैक कोबरा के डंसने से 60 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। परिजन इलाज के लिए कई अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही वृद्ध ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

करौली जिले के सूरौठ थाना क्षेत्र स्थित भुखरावली गांव में शनिवार को एक वृद्ध की जहरीले सांप के काटने के बाद इलाज के लिए बयाना अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
भुखरावली गांव में घर के बाहर बैठे वृद्ध को जहरीले सांप ने डंसा, कई अस्पतालों में रेफर होने के दौरान रास्ते में हुई मौत
बयाना। करौली जिले के सूरौठ थाना क्षेत्र स्थित भुखरावली गांव में ब्लैक कोबरा के डंसने से एक 60 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाते रहे, लेकिन समय रहते प्रभावी इलाज नहीं मिल पाने के कारण वृद्ध ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान सागर पुत्र रामचन्द्र प्रजापत (60) निवासी भुखरावली के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को सागर प्रजापत अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक जहरीला ब्लैक कोबरा वहां पहुंचा और उन्हें डंस लिया। सांप के काटने के तुरंत बाद वह पास में पड़े पत्थरों के बीच जाकर छिप गया।
सांप के डंसने के बाद सागर प्रजापत ने शोर मचाया, जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें सांप ने काट लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए और तत्काल निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरौठ लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल करौली के लिए रेफर कर दिया।
हालांकि परिजन उन्हें करौली ले जाने के बजाय हिण्डौन अस्पताल लेकर पहुंचे। हिण्डौन अस्पताल में उपचार के बाद चिकित्सकों ने भी उनकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल करौली रेफर कर दिया। इसी बीच परिजनों को जानकारी मिली कि सर्पदंश के मामलों का विशेष उपचार बयाना उप जिला अस्पताल में किया जाता है। इसके बाद वे सागर प्रजापत को लेकर बयाना के लिए रवाना हुए।
लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बावजूद परिजन उन्हें बयाना उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार सागर प्रजापत गांव के सम्मानित व्यक्तियों में गिने जाते थे। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिसका रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों में समय पर उपचार और प्रभावी चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता को भी उजागर करती है।

Devisingh Prajapat, Bharatpur
नाम: देवीसिंह प्रजापत
कार्यक्षेत्र: बयाना उपखंड / उप जिला बयाना (राजस्थान)
अनुभव: 15 वर्ष
बीट (मुख्य विषय): सर्वपक्षीय समाचार (सभी तरह की खबरें और ग्राउंड रिपोर्टिंग)
परिचय
देवीसिंह प्रजापत राजस्थान के बयाना उपखंड क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी, निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से उप जिला बयाना और संपूर्ण बयाना उपखंड की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं। स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं, विकास कार्यों से लेकर क्षेत्र की हर प्रमुख हलचल और सभी तरह की खबरों को प्रमुखता व प्रामाणिकता के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का व्यापक अनुभव (Work Experience)
देवीसिंह प्रजापत जी को मीडिया जगत का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है। वह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। इस डेढ़ दशक के सफर में उन्होंने मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स (प्रिंट, डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) पर काम किया है, जिससे उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की गहरी समझ है।
शैक्षणिक योग्यता
देवीसिंह प्रजापत जी शैक्षणिक रूप से बेहद सुदृढ़ हैं। उन्होंने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) के साथ-साथ बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री हासिल की है। उनकी यह तकनीकी और तार्किक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों के विश्लेषण, तथ्यों की जांच और समसामयिक मुद्दों को एक वैज्ञानिक व सटीक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।
