करौली कैला देवी पदयात्रा: भुसावर के 71 श्रद्धालुओं ने लगाई खुशहाली की अरदास
राजस्थान के भुसावर से रवाना हुई अखंड ज्योति पदयात्रा 18 मार्च को करौली पहुंची, भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं ने मंगला आरती में शामिल होकर विश्व कल्याण की कामना की।

भरतपुर के भुसावर से करौली स्थित राजराजेश्वरी कैला देवी भवन पहुंची अखंड ज्योति पदयात्रा में शामिल महिला, पुरुष और बच्चे मंगला आरती के दौरान सुख-समृद्धि की मन्नत मांगते हुए।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक भुसावर कस्बे से हर वर्ष की भांति इस वर्ष 15 मार्च 2026 रविवार को कस्बे के शैतान पाडा देवी मां मन्दिर से अखण्ड ज्योति पदयात्रा पूजा-अर्चना कर रवाना हुई। जहां पदयात्रा में शामिल होकर 71 महिला, पुरुष एवं बच्चों ने भाग लिया। पदयात्री बैण्ड बाजों पर बज रहे भजनों "चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है" के जयकारों के साथ रवाना हुए। कस्बा वासियों ने पुष्प वर्षा कर, जलपान करवाकर एवं वाहन में सवार अस्थाई देवी मां प्रतिमा मूर्ति की पूजा-अर्चना करते हुए आरती उतारी और राजराजेश्वरी मां कैला देवी के पदयात्रियों को टीका लगाकर भावभीनी रवानगी दी।
भीषण गर्मी में भी नहीं डिगी आस्था, 18 मार्च को पहुंचे करौली
मां कैला देवी भक्त मण्डल के सदस्य लक्ष्मण सैनी हलवाई (सांप), सोनू सोनी ईमित्र वाले, विष्णु सैन और बनवारी पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि "अखण्ड ज्योति पदयात्रा मां कैला देवी भवन करौली के लिए 15 मार्च रविवार को सुबह 09 बजे शैतान पाडा देवी मां मन्दिर से पूजा अर्चना कर रवाना हुई।" यात्रा का पहला पड़ाव महु इब्राहिमपुर में किया गया। गर्म हवाओं के झोंके और भीषण गर्मी के बीच भी माता के भक्तों की आस्था कम नहीं हुई और वे सड़कों पर कतार में होकर कैला देवी भवन करौली की ओर निरंतर बढ़ते रहे।
मंगला आरती में हुए शामिल, क्षेत्र की खुशहाली के लिए मांगी मन्नत
अखण्ड ज्योति पदयात्रा में शामिल 71 पदयात्रियों में शामिल महिला, पुरुष एवं बच्चों ने 18 मार्च बुधवार की सुबह 04 बजे कैला देवी भवन करौली में मंगला आरती में सामूहिक रूप से शामिल होकर माता से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं क्षेत्र में खुशहाली की मनोकामनाएं मांगते हुए विश्व कल्याण की कामना की। ज्ञात रहे कि उत्तर भारत के लक्खी मेलों में शुमार कैला देवी करौली में प्रतिवर्ष लाखों लोग पदयात्रा कर दर्शन करते हुए अपनी अरदास लगाकर मनोकामनाएं मांगते हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही कड़ी निगरानी
राजराजेश्वरी मां कैला देवी के इस लक्खी मेले में जिला कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट नीलाभ सक्सेना, करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल आदि सहित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मन्दिर ट्रस्ट के पदाधिकारी मेले में मौजूद रहे। इन सभी अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए असामाजिक तत्वों पर अपनी पैनी निगरानी बनाए रखी ताकि भक्तों को दर्शन में कोई असुविधा न हो।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
