भरतपुर, 03 मई। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी काली बाई भील उड़ान योजना के अंतर्गत बाल विकास परियोजना कुम्हेर क्षेत्र में स्वास्थ्य और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सैनिटरी नैपकिन का वितरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से 11 से 45 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों एवं महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, परंतु इसके लिए राजसिम्स पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। सरकार का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य, माहवारी प्रबंधन और व्यक्तिगत स्वच्छता को बढ़ावा देना है। विशेष रूप से उन किशोरियों को आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है, जो किसी सरकारी विद्यालय अथवा महाविद्यालय में अध्ययनरत नहीं हैं।

इस महत्वपूर्ण पहल के क्रियान्वयन की समीक्षा हेतु कार्यवाहक उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग, डीग इंदू सक्सैना एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कुम्हेर महेन्द्र अवस्थी ने विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम का अवलोकन कर लाभार्थी महिलाओं और किशोरियों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर कार्यवाहक उपनिदेशक इंदू सक्सैना ने बताया कि काली बाई भील उड़ान योजना महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वाभिमान एवं सशक्तिकरण से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंच सुनिश्चित करना है।

बाल विकास परियोजना अधिकारी महेन्द्र अवस्थी ने प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए बताया कि योजना के तहत सैनिटरी नैपकिन के वितरण का कार्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा राजसिम्स पोर्टल के माध्यम से निष्पादित किया जाएगा। उन्होंने पात्र किशोरियों एवं महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने निकटतम आंगनवाड़ी केंद्र पर जन आधार कार्ड एवं उससे जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर के साथ संपर्क कर अनिवार्य पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें नियमित रूप से स्वच्छता सामग्री प्राप्त हो सके। कार्यक्रम के दौरान महिला पर्यवेक्षक संगीता कलवानिया, शैलजा शर्मा, अनीता कुमारी तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बबलेश, पिंकी, रिंकी एवं योगेश सहित अनेक लाभार्थी उपस्थित रहे। यह पहल माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक सशक्त कदम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story