मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने डीग में स्कूल भवनों और रास्तों का किया लोकार्पण
गृह राज्य मंत्री ने जनूथर के महात्मा गांधी स्कूल में नवनिर्मित कक्षा-कक्षों का उद्घाटन किया और मेधावी छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

डीग के जनूथर में आयोजित लोकार्पण समारोह के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा मंत्री जवाहर सिंह बेढम को ठाकुर जी की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया।
डीग, 12 मई। राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री एवं नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जवाहर सिंह बेढम ने मंगलवार को कस्बे के विकास को नई गति देते हुए जनूथर स्थित महात्मा गांधी राजकीय माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित चार कक्षा-कक्षों का विधिवत लोकार्पण किया। इस गरिमामयी समारोह के दौरान मंत्री के स्वागत हेतु जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां स्थानीय निवासियों ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री बेढम ने शिक्षा के सुदृढ़ीकरण हेतु विद्यालय परिसर में प्रार्थना स्थल पर टीन शेड निर्माण तथा कस्बे के ही अन्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चार नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र अग्रवाल एवं समस्त विद्यालय परिवार द्वारा कृतज्ञता प्रकट करते हुए मंत्री को 21 मीटर का साफा बांधकर और ठाकुर जी की मनमोहक तस्वीर भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए प्रधानाचार्य पुष्पेन्द्र अग्रवाल ने निजी स्तर पर मंत्री के कर-कमलों द्वारा बोर्ड परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्राओं कनिका सेजवाल पुत्री बलराम सेजवाल एवं भारती पुत्री दर्बसिंह को 5100-5100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान करवाकर सम्मानित किया। अपने प्रवास के दौरान मंत्री ने कस्बे में नवनिर्मित चार प्रमुख रास्तों का भी आमजन के लिए लोकार्पण किया, जिस पर ग्रामीणों ने आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में चंद्रभान गुप्ता, सतीश बंसल, पूर्व प्रधान यदुवीर सिंह कोरेर, पूर्व प्रधान रमन सैनी नगर, कठूमर प्रधान, विवेक प्रताप सिंह हवलदार, लाखन सिंह, गोविन्द शाक्य, पूरन बली, जयप्रकाश शास्त्री, शिब्बी दीवान, जीतेन्द्र फौजदार, करतार चौधरी, सतीश खंडेलवाल, दीपक खंडेलवाल, रघुनाथ सिंह नाहरौली, जवाहर सिंह गारोली, सुरेंद्र ठाकुर सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल क्षेत्र के आधारभूत ढांचे के विस्तार का गवाह बना, बल्कि शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित कर गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
