जवाहर नवोदय विद्यालय में अभिभावक-अध्यापक बैठक, शिक्षा गुणवत्ता सहित इन मुद्दों पर चर्चा
जवाहर नवोदय विद्यालय छोकरबाड़ा कला में अभिभावक-अध्यापक बैठक में शिक्षा गुणवत्ता, पर्यावरण, खेल, स्वास्थ्य, साइबर ठगी और मोबाइल प्रतिबंध पर चर्चा हुई। डॉ. कमलेश मीणा ने बालिकाओं के टीकाकरण की जानकारी दी।

तस्वीर में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य असीम बिहारी बैठक में बोलते नजर आ रहे हैं।
भुसावर उपखंड के गांव छोकरबाड़ा कला स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में शनिवार को विद्यार्थियों के अभिभावकों और अध्यापकों की बैठक आयोजित हुई। प्राचार्य असीम बिहारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता उन्नयन, शिक्षा के विभिन्न आयामों, पर्यावरण, खेल, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और विद्यालय की अन्य गतिविधियों पर चर्चा की गई।
बैठक में विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण, खेल जगत और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। भरतपुर-डीग जिले के पहाड़ी, कामां, नगर, सरकारी, भुसावर, बयाना सहित सीकरी, डीग, कुम्हेर और वैर आदि स्थानों से अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बैठक में भाग लिया।
प्राचार्य असीम बिहारी ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ. कमर चौधरी के निर्देशन में जवाहर नवोदय विद्यालय के पास बाणगंगा नदी में राजस्थान हरियालो कार्यक्रम के तहत विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों की ओर से भारी संख्या में पौधारोपण किया गया।
उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय छोकरबाड़ा कला के विद्यार्थियों ने संकुल स्तर से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनियों में भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
बैठक में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान विद्यालय में भामाशाहों की ओर से किए गए योगदान और जवाहर नवोदय विद्यालय के शत-प्रतिशत परिणाम पर विशेष बल दिया गया।
विद्यालय के अध्ययनरत विद्यार्थियों और विषय विशेषज्ञ स्टाफ ने बैठक में अपना परिचय देते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, उन्नत एवं विकासशील शिक्षा, स्वरोजगार शिक्षा और पर्यावरण सुधार सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों और अभिभावकों को इन दिनों बढ़ रही साइबर ठगी से सावधान रहने तथा बच्चों को मोबाइल नहीं देने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के मोबाइल रखने पर प्रतिबंध है। यदि किसी विद्यार्थी के पास गुपचुप तरीके से मोबाइल मिलने की सूचना मिलती है तो उसके परिजनों को सूचना देकर मोबाइल जब्त कर लिया जाता है। विद्यालय में अनुशासन की गरिमा को भंग नहीं होने देने की बात भी बैठक में स्पष्ट की गई।
जवाहर नवोदय विद्यालय छोकरबाड़ा कला के अध्यापक-अध्यापिकाओं ने भी आयोजित बैठक में अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, सीएचसी छोकरबाड़ा कला के महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश मीणा ने महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के चिकित्सा विभाग की ओर से इन दिनों 14 से 15 आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक बालिकाओं से अपनी सहमति से टीकाकरण कराने की बात कही।
बैठक में नगर, सीकरी, पहाड़ी, डीग, कुम्हेर, वैर, भुसावर और बयाना सहित विभिन्न स्थानों से पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ जवाहर नवोदय विद्यालय के स्टाफ ने भाग लिया। बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, पर्यावरण, अनुशासन और विद्यालय की उपलब्धियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अभिभावकों और अध्यापकों के बीच चर्चा हुई।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
