वर्तमान समय में बिजली हम सभी के जीवन में एक अनिवार्य हिस्सा बन चुकी है और इसके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती, लेकिन जनूथर क्षेत्र में अघोषित और अनियमित बिजली कटौती ने आमजन का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मूल रूप से कृषि प्रधान क्षेत्र होने के बावजूद भाजपा सरकार यहां बिजली की पूर्ति करने में असमर्थ नजर आ रही है, जहां सर्दियों में भी किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलती, वहीं सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के दावे करती है।

वर्तमान में भीषण गर्मी के बीच कस्बा जनूथर, जो कि तहसील मुख्यालय है, पिछले कई दिनों से अघोषित और अनियमित बिजली कटौती का सामना कर रहा है। इस स्थिति के चलते आमजन का जीवन दुर्लभ हो गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कस्बे की जल आपूर्ति, जो पहले से ही नियमित नहीं थी, अब और अधिक खराब स्थिति में पहुंच चुकी है और लोग पानी के लिए तरस रहे हैं।

बिजली संकट का असर स्थानीय बाजार पर भी स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। इलेक्ट्रिकल रिपेयरिंग का काम करने वाले लोग खाली बैठे हैं और उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। लगातार बिजली कटौती के कारण लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं, वहीं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

इसके अलावा बिजली की कमी का सीधा असर गरीब वर्ग पर पड़ रहा है। जो लोग अपना अनाज भाड़े की चक्कियों पर पिसवाते हैं, उनके अनाज के ढेर चक्कियों पर लगे हुए हैं, जिससे खाद्य संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। कुल मिलाकर जनूथर क्षेत्र का आमजन बिजली संकट से बुरी तरह त्रस्त है।

इस गंभीर स्थिति को लेकर चंद्रभान गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा राजस्थान, ने क्षेत्र की समस्त जनता जनार्दन की ओर से भाजपा सरकार और मंत्री महोदयों से निवेदन और चेतावनी दोनों जारी की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि बिजली समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता मजबूर होकर 27 अप्रैल, सोमवार को बिजली घर पर प्रदर्शन करेगी और तालाबंदी भी करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story