डीग, 17 मई। कस्बा जनूथर के मुख्य बाजार में नगर जाने वाले सीसी सड़क मार्ग पर बालकिशन जैन की दुकान के समीप खड़ा जर्जर विद्युत पोल बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। पोल का निचला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों और आम लोगों में जान-माल के नुकसान की आशंका गहराने लगी है।

जर्जर हो चुके इस विद्युत पोल के निचले भाग में लगी सरियाओं में जंग लग चुकी है, जबकि सीमेंट-कंक्रीट भी कई स्थानों से उखड़ गया है। वहीं पोल के ऊपरी हिस्से में जगह-जगह दरारें पड़ने से इसके कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है। स्थिति को और अधिक गंभीर इस कारण माना जा रहा है कि इसी पोल पर कस्बे के घरेलू कनेक्शनों की केबलों का जाल फैला हुआ है। इसके ठीक बगल में घरेलू कनेक्शन का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, जहां से हाईटेंशन लाइन भी गुजर रही है।

यह जर्जर पोल कस्बे के मुख्य आबादी क्षेत्र में स्थित है। इसके आसपास कई दुकानें संचालित हो रही हैं, जहां स्थानीय व्यापारियों और रोजमर्रा का सामान खरीदने आने वाले ग्राहकों की दिनभर भारी भीड़ बनी रहती है। इसके अलावा इसी सीसी सड़क मार्ग से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों का लगातार आवागमन रहता है। मार्ग से चौपहिया और दुपहिया वाहनों के साथ बड़ी संख्या में पैदल राहगीर भी गुजरते हैं, जिससे संभावित हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।

कस्बा के लोगों में जर्जर बिजली के पोल को लेकर भय का माहौल है। स्थानीय निवासी विजय बंसल, बालकिशन जैन, पवन जैन, कल्लू सेठ, रवि खंडेलवाल और हेमन्त रौती खंडेलवाल सहित दर्जनों दुकानदारों ने बिजली निगम से मांग की है कि संभावित हादसे को देखते हुए जर्जर विद्युत पोल को तत्काल हटाकर नया पोल लगाया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story