जयपुर में चोरी का आरोपी सोनू धाकड़ गिरफ्तार, जेवरात बरामद
कोतवाली पुलिस ने रिटायर्ड लेक्चरर के सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए स्मैक के आदी आरोपी को पकड़ा।

तस्वीर में एक बुजुर्ग व्यक्ति कमरे के अंदर बेड पर खुले हुए सूटकेस के पास खड़े हैं, जिसमें कुछ सामान रखा हुआ है।
मधुवन विहार कॉलोनी स्थित एक रिटायर्ड लेक्चरर के सूने मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पंचायत समिति क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय सोनू धाकड़ को जयपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी स्मैक का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
कोतवाली थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने बताया कि 20 जून को दोपहर करीब 12 बजे मधुवन विहार कॉलोनी निवासी रिटायर्ड लेक्चरर मुखत्यार सिंह के सूने मकान से करीब 36 तोला सोने और 3 किलो चांदी के जेवरात चोरी हो गए थे। घटना के समय मकान मालिक ने एक युवक को घर से निकलकर बाउंड्रीवॉल फांदते हुए बाइक पर फरार होते देखा था।
घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध बाइक दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर आरोपी सोनू धाकड़ की पहचान की गई, जिसे बाद में जयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्मैक का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए सूने मकानों में चोरी करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने की चार अंगूठियां, एक चेन, एक हार, मंगलसूत्र का पेंडल, पांच बीज, एक लड़ी, दो जोड़ी झुमकियां सहित अन्य जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा चांदी का एक कमरबंद, आठ जोड़ी पायल और नौ जोड़ी बिछिया भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में शेष चोरीशुदा माल की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शेष जेवरात बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
