जयपुर-आगरा हाईवे पर रोडवेज बस का टायर फटा, हादसे में आधा दर्जन घायल
खेरली मोड़ के पास टायर फटने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ी बस, दो यात्रियों के पैर कटे, घायलों का महवा अस्पताल में उपचार जारी।

जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर बाछरेन गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस जिसे पुलिस और हाईवे टीम द्वारा क्रेन की मदद से हटवाया गया।
भुसावर। बुधवार सुबह करीब 9 बजे जयपुर-आगरा हाईवे पर खेरली मोड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाछरेन गाँव पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जयपुर से भरतपुर की तरफ जा रही रोडवेज बस का अचानक से टायर फट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर जा चढ़ी। इस दुर्घटना में लगभग आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बस डिवाइडर से टकराकर रोड पर आड़ी खड़ी हो गई।
टायर फटने से यात्रियों के पैर कटे
यह दुर्घटना इतनी भयानक थी कि जैसे ही बस का टायर फटा, वैसे ही टायर के ऊपर वाली सीट की लोहे की चादर फट गई। दुर्घटना में दो यात्रियों के पैर कट कर शरीर से अलग हो गए और चीख-पुकार मच गई। टायर फटने के बाद बस बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क के बीचों-बीच आड़ी खड़ी हो गई।
पुलिस प्रशासन और बचाव कार्य
दुर्घटना की सूचना मिलते ही खेरली मोड़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। "थानाधिकारी राजेश कसाना ने बताया की दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों को हाईवे सेफ्टी टीम द्वारा नजदीकी महवा अस्पताल पहुंचाया गया है जहां घायलों का इलाज जारी है।" पुलिस द्वारा हाईवे टीम की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया गया और बाधित यातायात को सुचारू रूप से चालू करवाया गया।
बड़ा हादसा टला
दुर्घटना के दौरान गनीमत ये रही की बस के आगे पीछे कोई अन्य साधन नहीं था, नहीं तो और भी बड़ा हादसा हो सकता था। सड़क खाली होने के कारण अन्य वाहन इसकी चपेट में आने से बच गए।
घायलों का विवरण
इस सड़क हादसे में घायलों की पहचान कर ली गई है। घायलों में अरविंद पुत्र राजेंद्र सिंह प्रजापत (ललिता मूडिया), अशोक पुत्र राजाराज गुर्जर (टुडावली टोडाभीम), कृष्णा पत्नी नाहर सिंह, मनीषा गुर्जर पुत्री राम गुर्जर (रायपुर वैर), धर्मेंद्र पुत्र रमेश चंद कुशवाह (फतेहपुर सीकरी) और तारा पुत्र दूलीराम कुशवाह (बहरावली उच्चैन) शामिल हैं।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
