भरतपुर में महारानी श्री जया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन की तैयारी में पूरी तरह जुट चुका है। “विकसित भारत की अवधारणा: भारत केंद्रित वैश्विक दृष्टिकोण” विषय पर आधारित द्विदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 12 और 13 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन से पूर्व शुक्रवार को कॉलेज परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और प्रमुख विषयों की विस्तार से जानकारी दी गई।

यह सम्मेलन अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ और महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन 12 दिसंबर को सुबह 11 बजे यूआईटी ऑडिटोरियम में होगा। उद्घाटन समारोह और विभिन्न सत्रों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ, शोधार्थी और विषय-विद्वान भाग लेंगे। वे ऑनलाइन और ऑफलाइन—दोनों मोड में अपने शोध, विचार और विश्लेषण प्रस्तुत करेंगे।

कॉलेज की प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनीता पांडे ने बताया कि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल भारत के विकास मॉडल को वैश्विक दृष्टिकोण से समझने का मौका देगा, बल्कि विकास में बाधा बन रहे तत्वों पर वैज्ञानिक और व्यावहारिक सुझाव भी सामने लाएगा। सम्मेलन में प्राप्त महत्वपूर्ण विचारों और सुझावों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे राजस्थान सरकार और भारत सरकार को क्रियान्वयन के लिए भेजा जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक प्रो. डॉ. योगेंद्र भानु ने बताया कि जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत मुख्य अतिथि होंगे। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. डॉ. नारायण लाल गुप्ता, प्रो. डॉ. त्रिभुवन शर्मा, कुलगुरु, महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर करेंगे।

आयोजन सचिव प्रो. मुकेश कुमार ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान, कृषि, सामाजिक विज्ञान, योग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों से अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ संवाद में शामिल होंगे। वे भारत के वैश्विक योगदान, विकास के आगामी आयामों और मानव–जगत के भविष्य पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया कमेटी के संयोजक प्रो. डॉ. राम किशोर उपाध्याय, सह-संयोजक प्रो. डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस सम्मेलन को भरतपुर के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए इसकी सफलता के प्रति विश्वास जताया।

यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन न केवल शैक्षणिक जगत के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि भारत की विकास अवधारणा को दुनिया में नई दिशा दिखाने का भी अवसर प्रदान करेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story