डीग। 18 नवंबर। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) द्वारा शहर में चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम के तहत भूड़ा गेट स्थित आनंद भारती सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर आरयूआईडीपी की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई (CAP) के सहायक सामाजिक विकास अधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा ने बच्चों को फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (FSTP) के कार्य, प्रबंधन और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

प्रदीप कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि घरों के सेफ्टीक टैंकों से निकलने वाले अपशिष्ट को विशेष टैंकरों के माध्यम से गोवर्धन गेट, मालीपुरा रोड पर स्थित एफएसटीपी प्लांट तक ले जाया जाता है। वहां इसे शोधित कर उच्च गुणवत्ता वाली खाद में परिवर्तित किया जाता है। शोधित पानी का उपयोग नगर परिषद क्षेत्र में पौधरोपण और पेड़ों की सिंचाई में किया जाता है। इससे न केवल शहर में गंदगी फैलने से रोकी जाती है, बल्कि पर्यावरण भी स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक रहता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता और सफाई के महत्व के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि अपने घरों में कचरे को सही ढंग से कूड़ेदान में डालना मच्छर, मक्खी और बीमारियों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण और सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने सक्रिय रूप से इस जानकारी को समझा और अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के महत्व को स्वीकार किया।

इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाते हैं, बल्कि शहर में स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति उनकी भागीदारी को भी प्रोत्साहित करते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story