भरतपुर रोडवेज डिपो में अनुशासनहीनता का मामला: डांस और लिपस्टिक लगाने का वीडियो वायरल, दो अधिकारी एपीओ
भरतपुर रोडवेज डिपो में दो अधिकारियों का डांस और लिपस्टिक लगाने का वीडियो वायरल होने के बाद अनुशासनहीनता के आरोप में कार्रवाई हुई। रोडवेज प्रबंधन ने दोनों अधिकारियों को एपीओ कर विभागीय गरिमा बनाए रखने का सख्त संदेश दिया है।

भरतपुर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के भरतपुर डिपो में अनुशासनहीनता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। डिपो के दो अधिकारियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद निगम प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से एपीओ (Awaiting Posting Order) कर दिया है।
वायरल वीडियो में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार डांस करते और गाना गाते नजर आ रहे हैं। वहीं, सहायक प्रशासनिक अधिकारी गायत्री का एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे सुनील कुमार के होठों पर लिपस्टिक लगाते, माथे पर बिंदी लगाते और चुन्नी उठाते हुए दिखाई दे रही हैं। यह वीडियो कथित रूप से रोडवेज डिपो परिसर में ही रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है, जिससे विभागीय गरिमा और अनुशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना सामने आने के बाद रोडवेज प्रबंधन ने तत्काल जांच कर कार्रवाई की। रोडवेज की उप महाप्रबंधक ने दोनों अधिकारियों को अनुशासनहीनता के आरोप में एपीओ करने के आदेश जारी किए हैं। भरतपुर डिपो के मुख्य प्रबंधक शक्ति सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई विभाग की मर्यादा बनाए रखने और सेवा अनुशासन के उल्लंघन पर की गई है।
रोडवेज विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा ऐसे अमर्यादित आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई से पूरे विभाग में अनुशासन को लेकर एक सख्त संदेश गया है।

Umesh Lawania, Bharatpur
उमेश लावणिया भरतपुर से हमारे प्रतिष्ठित संवाददाता हैं। स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों के सटीक और समयनिष्ठ कवरेज के लिए उन्हें जाना जाता है। प्रात:काल न्यूज़ के पाठकों तक वे हमेशा सत्यनिष्ठ और प्रभावशाली खबरें पहुँचाते हैं। उनके लेख और रिपोर्टिंग में गहराई, स्पष्टता और भरोसेमंद जानकारी का समावेश रहता है, जो उन्हें हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म का एक अहम स्तंभ बनाता है।
