भुसावर। अरावली पर्वतमालाओं की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य इन दिनों अवैध खनन की भेंट चढ़ते नजर आ रहे हैं। भुसावर उपखंड के अंतर्गत आने वाले गांवों में सरकारी अनुमति के बिना क्रेशर मालिकों द्वारा खुलेआम खनन कार्य किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन की अनदेखी और मिलीभगत के कारण यह गैरकानूनी खनन एक संगठित गोरखधंधे का रूप ले चुका है।

जानकारी के अनुसार, भुसावर उपखंड में 23 क्रेशरों में से केवल कुछ ही ऐसे हैं जो सरकारी नियमों के तहत संचालित हो रहे हैं, जबकि अधिकांश क्रेशर बिना भूमि कन्वर्जन और वैध अनुमति के कार्यरत हैं। प्रशासनिक शिथिलता के चलते इन क्रेशरों से न केवल सरकार को भारी राजस्व हानि हो रही है, बल्कि क्षेत्र की पर्वतमालाएं धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होती जा रही हैं।

गांव करवान, कोटकी, घाटरी और मनसापुरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि घाटरी के पास स्थित पर्वतमालाओं में लंबे समय से बिना लीज और कन्वर्जन के खनन जारी है। कुछ क्रेशर मालिकों को जहां महज तीन बीघा भूमि पर संचालन की अनुमति है, वहीं वे बीस बीघा से अधिक क्षेत्र में कब्जा कर पत्थर खनन कर रहे हैं। वर्षों बीत जाने के बाद भी इन क्रेशर संचालकों ने कन्वर्जन प्रक्रिया पूरी नहीं की है, जिससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान झेलना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन और खान विभाग को कई बार अवैध खनन की शिकायतें और ज्ञापन सौंपे गए, मगर कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई गई। वैर विधायक बहादुर सिंह कोली के क्षेत्र में हो रहे इस अवैध खनन की ओर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

पर्यावरणीय दृष्टि से भी यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। क्रेशरों से उड़ने वाली धूल ने आसपास के गांवों का वातावरण प्रदूषित कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्रेशर जोन में पानी का छिड़काव नहीं किया जाता, जिससे हवा में धूल का गुबार छा जाता है और लोगों को सांस लेने में तकलीफ होती है। कई गांवों में सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारी के मरीज मिलने लगे हैं। धूल के महीन कण ग्रामीणों के घरों में तक पहुंच रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ रहा है।

इस संदर्भ में जब उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि कन्वर्जन और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर शीघ्र ही बैठक बुलाई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अरावली की गोद में पनप रहा यह अवैध खनन न केवल प्राकृतिक संसाधनों का दोहन है, बल्कि यह वन्य जीव-जंतुओं के अस्तित्व और स्थानीय जनजीवन दोनों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो भुसावर की यह पर्वतमाला जल्द ही बंजर पत्थरों के ढेर में बदल सकती है।

Mohan Joshi, Bharatpur

Mohan Joshi, Bharatpur

नाम: मोहन लाल जोशी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं

परिचय एवं अनुभव 

मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:

  • राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
  • ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
  • शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:

  • स्नातक (Graduation)
  • बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
  • पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।

Next Story