जयपुर स्थित महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी (महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज) परिसर में अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में भुसावर निवासी हेमेंद्र कुमार पाण्डेय को स्टेट लेवल एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया।

अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस के अवसर पर दि ट्रेड नर्सेज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TNAI) की राजस्थान राज्य शाखा द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय समारोह में नर्सिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़, राज्य मंत्री गृह एवं गोपालन विभाग जवाहर सिंह बेढम, पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी, TNAI राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती एनी कुमारन, राजस्थान राज्य शाखा अध्यक्ष डॉ. जोगेंद्र शर्मा, सेक्रेटरी जनरल श्रीमती एवलिन पी. कन्नम तथा राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष मेजर आलोक राज सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भुसावर कस्बा निवासी हेमेंद्र कुमार पाण्डेय को मिस फ्लोरेंस नाइटिंगेल के उच्च आदर्शों के अनुरूप निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा के लिए प्रेरित करने और उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्टेट लेवल एक्सीलेंस अवार्ड एवं फ्लोरेंस नाइटिंगेल अवार्ड से सम्मानित किया गया। समारोह में उन्हें यह सम्मान नर्सिंग सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त होने के बाद हेमेंद्र कुमार पाण्डेय ने प्रसन्नता व्यक्त की और मिठाई वितरण कर खुशी साझा की। इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल रहा।

यह सम्मान नर्सिंग सेवा के क्षेत्र में समर्पण, मानव सेवा और उत्कृष्ट कार्यों की मान्यता के रूप में देखा जा रहा है, जो स्वास्थ्य सेवाओं में प्रेरणास्रोत के रूप में महत्वपूर्ण संदेश देता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story