भरतपुर जिले की वैर-भुसावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करावली निवासी भारतीय सेना के जांबाज जवान हवलदार मानसिंह गुर्जर पंचतत्व में विलीन हो गए। जोधपुर में तैनात हवलदार मानसिंह गुर्जर की पार्थिव देह मंगलवार को उनके पैतृक गांव करावली पहुंची तो पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। गांव में हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच उन्हें पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

हवलदार मानसिंह गुर्जर 224 सेना आधार आयुध भंडार (सेना आयुध कोर) में तैनात थे। जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कर्तव्य पथ पर चलते हुए उन्होंने वीरगति प्राप्त की। जैसे ही उनके शहीद होने की सूचना गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मंगलवार को आयोजित अंतिम संस्कार के दौरान भावुक क्षण तब सामने आया, जब शहीद के 6 वर्षीय पुत्र तनिष्क ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हजारों लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरे वातावरण में “भारत माता की जय” और “मानसिंह गुर्जर अमर रहें” के जयकारे गूंजते रहे।

शहीद हवलदार मानसिंह गुर्जर के अंतिम दर्शनों और श्रद्धांजलि के लिए हिण्डौन विधायक अनीता जाटव, वैर तहसीलदार अरुण कुमार, भुसावर थानाधिकारी रामदयाल मीणा, केशव कमांडो, भूरा भगत दीवान, सेवानिवृत जिला सैनिक अधिकारी कर्नल अनिल चौहान, बीएम पाण्डेय व उनकी टीम, दिलीप सैनी, जगदीश गुर्जर, सरपंच मुकेश शूपा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने शहीद की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

ग्राम करावली में उमड़े जनसैलाब ने शहीद मानसिंह गुर्जर को अंतिम विदाई देते हुए उनके बलिदान को नमन किया। सैन्य सम्मान के साथ हुई अंत्येष्टि ने पूरे क्षेत्र को गौरव और शोक के भाव से भर दिया। देश सेवा में समर्पित एक वीर सपूत की विदाई ने हर आंख को नम कर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story