गुरुपूर्णिमा पर भरतपुर में प्रतिभाओं का सम्मान, RAS और पुलिस सेवा चयनित युवाओं को मिली सराहना
भरतपुर में गुरुपूर्णिमा पर RAS, पुलिस सेवा चयनित युवाओं, मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

तस्वीर में गुरुपूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह के दौरान हाथों में स्मृति चिह्न और ट्रॉफी लिए खड़े व बैठे हुए अतिथियों के साथ सम्मानित युवा।
गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर समृद्ध भारत अभियान एवं भूरीसिंह व्यायामशाला समिति के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान प्रशासनिक सेवाओं में चयनित युवक-युवतियों, मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाओं को सम्मानित कर उन्हें राष्ट्र और समाज निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि जिला कुश्ती संघ (इंडियन स्टाइल) के अध्यक्ष सीताराम गुप्ता रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् वासुदेव गुप्ता, कपूरचंद सिंघल माचिस वाले और डा० गुरुदीप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजाराम भूतौली ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत में भूरीसिंह व्यायामशाला के महामंत्री चुन्नी कप्तान ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने गुरुपूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं से निरंतर मेहनत और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र व समाज निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सीताराम गुप्ता ने कहा कि गुरुपूर्णिमा के पावन पर्व पर ज्ञान के साथ-साथ संस्कार और विनम्रता को दैनिक कार्यों में शामिल करना चाहिए। उन्होंने राजस्थान प्रशासनिक सेवाओं और राजस्थान पुलिस सेवा में चयनित युवक-युवतियों, प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ये युवा प्रतिभाएं समाज व राष्ट्र का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने चरित्र, अनुशासन, ईमानदारी और सेवाभाव को जीवन का आधार बनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के सम्मान कार्यक्रम युवक-युवतियों, विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
समारोह में राजस्थान पुलिस सेवा में चयनित वैशाली धाकड़, राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित मनु चौधरी, विजयसिंह छोंकरवाड़ और आदित्य राज सिंह को सम्मानित किया गया। इसके अलावा कक्षा-12 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर प्रतीक गुप्ता, राजकुमारी गुप्ता, कु० प्राची और कु० निहारिका सिंह तथा कक्षा-10 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर आर्यन नगाइच, कु० वंदना कुमारी, आदित्य राज धाकड़ और अर्पिता शर्मा को सम्मान मिला।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों में श्रीमती मनीषा चाहर, यश शर्मा, अभियांश सिंह, कु० शिवानी सिसौदिया और रुद्रांश खण्डेलवाल को साफा व पटका पहनाकर, प्रतीक चिह्न, टी-शर्ट और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्नल ओमवीर सिंह, जगत सिंह धरसोनी पहलवान, आदर्श विद्या मंदिर वैर के प्रिंसीपल योगेश भारद्वाज, पूर्व पार्षद बृजेंद्र चीमा, रमेश सतीजा, ओम प्रकाश ठाकुर, बाबू सिंह, बलवीर सिंह सिनासिनी, कुम्हेर के बाल विकास अधिकारी महेंद्र अवस्थी, समृद्ध भारत अभियान के पुनीत गुप्ता, सचिन, विष्णु मित्तल, राजेंद्र शर्मा सहित नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान कर उन्हें भविष्य में बेहतर कार्यों के लिए प्रेरित किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
