डीग, 16 दिसंबर। राज्य सरकार के सुशासन और सेवा के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को जिले में विकास की नई राह को प्रदर्शित करने वाली भव्य जिला स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने फीता काटकर किया। इस मौके पर डीग जिले की प्रगति और विकास कार्यों पर आधारित विशेष 'जिला विकास पुस्तिका' का भी विमोचन किया गया।

प्रदर्शनी में राज्य और केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और कृषि क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास को आकर्षक फ्लैक्स और पैनलों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। 'बदलता राजस्थान' और 'विकसित भारत' की तस्वीर विद्यार्थियों और आमजन के लिए एक जीवंत अनुभव के रूप में सामने आई।

जिला कलेक्टर ने उद्घाटन के पश्चात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रदर्शनी का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 'जिला विकास पुस्तिका' में पिछले कार्यकाल में डीग जिले में हुए सभी विकास कार्यों, नवाचारों और आगामी योजनाओं का समग्र विवरण शामिल है। यह पुस्तिका आमजन को सरकार की गतिविधियों और योजनाओं से जोड़ने में एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगी।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह, संयुक्त निदेशक (सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग) जगदीश प्रसाद, उपनिदेशक (सांख्यिकी विभाग) विकास कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी मनोज खुराना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंघल, जिला रसद अधिकारी भागूराम महला और जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और विद्यालय स्टाफ ने समारोह में भाग लिया।

प्रदर्शनी और विमोचन समारोह ने जिले के नागरिकों को सरकारी योजनाओं और विकास की उपलब्धियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह आयोजन न केवल डीग जिले के विकास की तस्वीर पेश करता है, बल्कि आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम भी बनता है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story