गोवर्धन में नौवीं अखिल भारतीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप शुरू
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर के 180 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, रालोद उपाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह ने किया उद्घाटन।

गोवर्धन के आदि गौड़ विद्यालय में फीता काटकर नौवीं अखिल भारतीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का उद्घाटन करते मुख्य अतिथि कुंवर नरेंद्र सिंह।
राधा कुंड, गोवर्धन स्थित आदि गौड़ विद्यालय के प्रांगण में शुक्रवार को नौवीं अखिल भारतीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का विधिवत उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह चार दिवसीय प्रतियोगिता श्रीमती स्वर्गीय सुशीला देवी की स्मृति में 4 जून से 7 जून तक संचालित की जा रही है। आयोजन के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोक दल के उपाध्यक्ष एवं क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जबकि अध्यक्षता नगर पंचायत गोवर्धन के अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष लंबरदार ने की।
इस चैंपियनशिप में देश के एक दर्जन से अधिक राज्यों के लगभग 180 महिला और पुरुष खिलाड़ी अपनी शारीरिक शक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन सत्र के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि कुंवर नरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रज भूमि का मल्लविद्या से अटूट नाता रहा है। प्राचीन काल में प्रचलित नाल उठाने की पद्धति ही आधुनिक वेट लिफ्टिंग और पावरलिफ्टिंग का मूल स्वरूप है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस खेल को सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर देखा।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में गोवर्धन नगर पालिका के सभासद संजय लवानिया, ब्रज विश्वविद्यालय के पूर्व खेल सचिव निरंजन सिंह, लोहागढ़ प्रेस क्लब भरतपुर के अध्यक्ष उमेश लवानिया, जातीयो पावर लिफ्टिंग फेडरेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती मुकला भट्टाचार्य और सचिव मुलोय रंजन मंडल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में आयोजन समिति के सदस्य नरेंद्र पचौरी, संजीव चीनिया, सूरजभान तिवारी और दिलीप एडवोकेट ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विनोद दीक्षित ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक मनीष भान सिंह ने किया। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच है, बल्कि ब्रज क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
