वैर, भुसावर, हलैना और बयाना क्षेत्रों में गहराते पेयजल संकट को लेकर किसान नेता और पूर्व जिला पार्षद इन्दल सिंह जाट ने राज्य के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर बंध बारैठा से पाइपलाइन स्कीम मंजूर कर इन क्षेत्रों तक शुद्ध और मीठा पेयजल पहुंचाने की मांग उठाई है।

गत दिन गुरुवार को जिला कलैक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर किसान नेता इन्दल सिंह जाट ने जिला कलक्टर कमर उर रहमान को दिए ज्ञापन में कहा कि वैर, भुसावर और हलैना तहसीलों के गांवों में पीने के पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। क्षेत्र के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, जबकि जमीनी जल स्तर 500 फीट से लेकर 1000 फीट तक नीचे पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि इतनी गहराई पर भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो रहा, जिसके कारण लोग खरीदकर पानी पीने को मजबूर हैं।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वैर, भुसावर, हलैना और बयाना तहसीलों का अधिकांश भू-भाग पहाड़ी, पथरीला और ऊबड़-खाबड़ है। ऐसे क्षेत्रों में सिंचाई पानी की व्यवस्था तो दूर, गांवों और कस्बों में पेयजल उपलब्ध कराना भी चुनौती बना हुआ है। किसान नेता ने कहा कि इन तहसीलों में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की आबादी अधिक है तथा आर्थिक रूप से कमजोर किसान और मजदूर बड़ी संख्या में निवास करते हैं। आर्थिक तंगी के कारण अधिकांश लोग निजी खर्च पर गहरे पातालतोड़ ट्यूबवेल लगवाने में सक्षम नहीं हैं।

इन्दल सिंह जाट ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि बंध बारैठा से पाइपलाइन स्कीम स्वीकृत कर इन क्षेत्रों को शुद्ध और मीठा पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वर्षों से पानी के संकट से जूझ रहे हजारों लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार ने बंध बारैठा को पाँचना बांध से जोड़ने वाली पाइपलाइन स्कीम मंजूर कर दी थी, जिसके बाद अब बंध बारैठा को पर्याप्त पानी मिलने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में सरकार यदि नई पाइपलाइन योजना स्वीकृत करती है तो वैर, भुसावर, हलैना और बयाना क्षेत्रों के लंबे समय से बने पेयजल संकट का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story