भरतपुर, 26 नवम्बर। भरतपुर एमएसजे कॉलेज मैदान में बुधवार को जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित संभाग स्तरीय अमृता हाट मेले का विधिवत शुभारम्भ जिला कलक्टर कमर चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को उनके आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

जिला कलक्टर कमर चौधरी ने हाट में लगी सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पाद न केवल शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण हैं, बल्कि इनसे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने बताया कि अमृता हाट के माध्यम से प्रदेशभर के विभिन्न जिलों के विशेष उत्पादों को एक ही स्थान पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे भरतपुर के नागरिक इन उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह ने एसएचजी के उत्पादों की गुणवत्ता और निर्धारित मूल्य पर उपलब्धता को सराहा, जो समूहों को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित होगी। महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक राजेश कुमार ने बताया कि अमृता हाट में राज्य के सभी जिलों से महिला स्वयं सहायता समूह और महिला आर्टिजन्स ने स्टॉल लगाए हैं। हाट सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा। कार्यक्रम के दौरान 27 नवम्बर को आत्मरक्षा प्रशिक्षण और राधाकृष्ण की झांकी, 28 नवम्बर को राजस्थानी वेशभूषा प्रतियोगिता एवं लोकगीत, 29 व 30 नवम्बर को राजस्थानी लोकनृत्य और सांस्कृतिक संध्या, तथा 1 दिसम्बर को चित्रकला, रंगोली और मेंहदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

अमृता हाट में कुल 82 स्टॉल एसएचजी द्वारा स्थापित किए गए हैं, जिनमें प्रदेशभर के विविध उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। बीकानेर के श्रीगणेश एसएचजी के नमकीन पापड, जयपुर के राधिका एसएचजी के चूर्ण सुपारी, किशनगढ़ के छवि एसएचजी के मसाले, भरतपुर के राजबेटी एसएचजी के स्टोन उत्पाद, अजमेर के रनजुल वंचित एसएचजी के वुडन हैंडीक्राफ्ट, झालावाड के सरस्वती एसएचजी के हैंडीक्राफ्ट कपड़े व बैडसीट, दौसा के शिव एसएचजी के गर्म कपड़े और भरतपुर के पीएनबी आर-सेटी के हैंडीक्राफ्ट पेपर करी एवं बैग सहित विभिन्न आचार-मुरब्बे और खानपान सामग्री शामिल हैं।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष सतेन्द्र गोयल, अरविन्द सिंह, बल्लू सिंह, एलडीएम प्रशांत कुमार, आर-सेटी निदेशक मलूकसिंह, सीडीपीओ कृष्णकांत शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। हाट के संचालन का कार्य अनुपमा चीमा ने किया। इस आयोजन से न केवल महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण होगा, बल्कि राज्यभर के विशेष उत्पादों को पहचान और बाजार मिलेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story