कैला माता के जागरण में भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु, मां भगवती के दरबार में उमड़ा जनसैलाब
भुसावर के बन्ध का नंगला स्थित नवनिर्मित मां कैला देवी मंदिर में आयोजित भव्य रात्रि जागरण में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। भजनों, महाआरती और पावन ज्योति के साथ भक्तों ने मां भगवती से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। भावपूर्ण भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

भुसावर। कस्बे के वार्ड नंबर 20 सुहारी सड़क मार्ग पर स्थित बन्ध का नंगला में नवनिर्मित मां कैला देवी मंदिर परिसर सोमवार देर रात्रि भक्ति, श्रद्धा और आलौकिक उत्साह से जगमगा उठा। देर रात आयोजित मां भगवती के रात्रि जागरण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां नर-नारी सभी भक्त भजनों की सुरमयी धुनों पर सराबोर होते दिखाई दिए। मंदिर में स्थापित मां कैला देवी और हनुमानजी के दर्शनों के साथ भक्तों ने पावन ज्योति के समक्ष परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की मनोकामनाएं संजोईं।
मंदिर के भगत पप्पू सैनी लटुरिया ने बताया कि नवनिर्मित मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों की शृंखला के अंतर्गत यह भव्य जागरण आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। रामकिशन सैनी, तेजसिंह, नवल किशोर सहित कई भक्त मंडलों ने मंच संभालते हुए ‘‘दिल में बसी है मैया तेरी मूरत’’, ‘‘मेरी मैया ने कैसी सौगात दे दी’’ और ‘‘करते जगराता तेरे लाल ओ मां मंदिर में’’ जैसे मनभावन भजनों की प्रस्तुति दी, जिन्हें सुनकर उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
रात्रि जागरण का शुभ समापन देर रात महाआरती के साथ हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया गया। जागरण की उमंग, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
