डीग, 02 मई। राज्य सरकार द्वारा कृषकों की आय में अभिवृद्धि करने तथा कृषि क्षेत्र को उन्नत एवं सुरक्षित स्वरूप प्रदान करने के संकल्प की दिशा में क्रियान्वित की जा रही महत्वाकांक्षी तारबंदी योजना डीग जिले के अन्नदाताओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इस जनकल्याणकारी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का ही परिणाम है कि उपखंड डीग के ग्राम पंचायत सिनसिनी निवासी प्रगतिशील कृषक वासुदेव सिंह के जीवन में आज सकारात्मक एवं दूरगामी बदलाव परिलक्षित हो रहा है।

विगत 25 वर्षों से अपनी 10 बीघा कृषि भूमि पर सरसों एवं गेहूं की खेती कर रहे कृषक वासुदेव सिंह पुत्र गोविंद सिंह के लिए निराश्रित एवं आवारा पशुओं द्वारा फसल को पहुंचाई जाने वाली क्षति एक गंभीर और निरंतर बनी हुई चुनौती थी। अथक परिश्रम और भारी लागत के बावजूद, प्रतिवर्ष फसलों के नष्ट होने से उन्हें न केवल मानसिक संताप झेलना पड़ता था, बल्कि भारी आर्थिक हानि के कारण उनका कृषि उत्पादन भी प्रतिकूल रूप से प्रभावित हो रहा था। इस समस्या के स्थायी निराकरण हेतु वासुदेव सिंह ने कृषि विभाग के स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक से संपर्क साधा, जहां विभागीय अधिकारियों ने उन्हें त्वरित मार्गदर्शन प्रदान करते हुए राज्य सरकार की तारबंदी योजना के प्रावधानों एवं देय अनुदान की विस्तृत जानकारी दी। विभागीय कार्यप्रणाली से आश्वस्त होकर कृषक ने अविलंब योजनांतर्गत अपना पंजीकरण करवाया।

योजना के तकनीकी दिशा-निर्देशों के अनुरूप वासुदेव सिंह ने अपनी 4 बीघा कृषि भूमि के परिधि क्षेत्र में निर्धारित मापदंडों के अनुसार तारबंदी का कार्य पूर्ण करवाया। कार्य के भौतिक सत्यापन के उपरांत, कृषि विभाग द्वारा कृषक को 43,000/- रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत कर सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी गई। योजना के इस सफल धरातलीय क्रियान्वयन से अब उनकी फसल निराश्रित पशुओं से पूर्णतः सुरक्षित है, जिससे उत्पादन में आशातीत वृद्धि दर्ज की गई है। फसल सुरक्षा सुनिश्चित होने से अपनी सुदृढ़ होती आर्थिक स्थिति को देख कृषक वासुदेव सिंह ने इस संवेदनशील पहल हेतु मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का हृदय से आभार ज्ञापित किया है। उनका मानना है कि यह योजना कृषक वर्ग के लिए एक सशक्त सुरक्षा कवच है, जो उन्हें आर्थिक उन्नति के मार्ग पर प्रशस्त करते हुए सुशासन के लक्ष्यों को वास्तविक रूप में चरितार्थ कर रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story