डीग। जिला मुख्यालय के नई सड़क स्थित लाला मनोहर लाल खंडेलवाल सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 12वीं कक्षा की 6 छात्राएं रहस्यमयी तरीके से अचानक बेहोश हो गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तत्काल परिजनों को सूचित किया कि उनकी बेटियां स्कूल में अचेत हो गई हैं। आनन-फानन में सभी छात्राओं को उपचार हेतु राजकीय रेफरल चिकित्सालय डीग में भर्ती कराया गया। अस्पताल परिसर उस समय चीख-पुकार से गूंज उठा जब भर्ती कराई गई सभी छात्राएं इलाज के दौरान तेज चिल्ला-चिल्लाकर रोने लगीं।

इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। स्थिति का जायजा लेने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी मनोज खुराना, हरवीर चाहर, सीएमएचओ विजय सिंघल और तहसीलदार जुगिता मीणा तुरंत राजकीय अस्पताल पहुंचे और पीड़ित छात्राओं के स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत जानकारी ली। मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए चिकित्सकों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण छात्राओं को चक्कर आए और वे बेहोश हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के पश्चात घर के लिए छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, स्थानीय सूत्रों के अनुसार पूर्व में भी विद्यालय की एक-दो लड़कियों के साथ ऐसी घटनाएं घटित हो चुकी हैं, किंतु स्कूल प्रशासन द्वारा इस दिशा में बरती जा रही कथित लापरवाही अब क्षेत्र में चर्चा और चिंता का विषय बनी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story