जिला प्रशासन के निर्देश पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए गतिविधियों का निर्धारण किया गया है।

डीग, 24 अप्रैल। जिला प्रशासन के निर्देशों पर अमल करते हुए डीग जिले के शैक्षणिक ढांचे में व्यापक सुधारात्मक बदलाव की नींव रखी गई है। विगत 17 अप्रैल को जिला कलेक्टर मयंक मनीष की अध्यक्षता में संपन्न हुई समीक्षा बैठक के निर्णयों को धरातल पर उतारते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार खुराना ने जिले के समस्त राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों के लिए एक विस्तृत जागरूकता कैलेंडर जारी कर दिया है। इस नवाचार का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को सामाजिक और विधिक रूप से सशक्त, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

जारी आदेशों के अंतर्गत अब जिले के हर विद्यालय में माह के प्रथम, दूसरे और तीसरे शनिवार को विशेष गतिविधियों का संचालन अनिवार्य होगा। माह के प्रथम शनिवार को यातायात एवं सड़क सुरक्षा पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों को नियमों की महत्ता समझाई जाएगी। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर पर परिवहन विभाग के समन्वय से व्यावहारिक सड़क सुरक्षा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। युवा पीढ़ी को नशे के जाल से सुरक्षित रखने के लिए दूसरे शनिवार को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों और उन पर लगे प्रतिबंधों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिताओं के साथ-साथ प्रवेशोत्सव के दौरान नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर नशे के दुष्प्रभावों का सजीव चित्रण होगा।

डिजिटल युग की चुनौतियों को स्वीकारते हुए तीसरे शनिवार को साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए समर्पित किया गया है। पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस विषय पर भी प्रतियोगिताओं और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूकता की अलख जगाई जाएगी। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों और संस्था प्रधानों को इस कैलेंडर की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि जिले का प्रत्येक विद्यार्थी एक जागरूक और सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर हो सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story