डीग: सड़क निर्माण न होने पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनी
तमरेर से मधुबना तक स्वीकृत सड़क का निर्माण शुरू न होने पर ग्रामीणों में रोष, कांग्रेस नेत्री स्वेता यादव ने प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ धरने का किया आह्वान।

डीग के मधुबना गांव में जर्जर सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों के साथ बैठक करतीं महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट स्वेता यादव और क्षेत्रवासी।
डीग, 2 मई। राजस्थान के डीग जिले में विकास कार्यों के प्रति प्रशासनिक उदासीनता और ठेकेदारों की लापरवाही के विरुद्ध ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एडवोकेट स्वेता यादव ने तमरेर से मधुबना तक कई साल पहले स्वीकृत हुई सड़क का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू न होने के विरोध में डीग मुख्यालय पर उग्र आंदोलन और धरने की चेतावनी दी है। शनिवार को मधुबना गांव का दौरा कर ग्रामीणों से रूबरू हुईं एडवोकेट स्वेता यादव ने जर्जर सड़क का जायजा लिया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए।
ग्रामीणों ने इस दौरान अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि गांव की यह मुख्य सड़क लंबे समय पूर्व स्वीकृत हो चुकी है, किंतु विभाग की अनदेखी के चलते आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। सड़क की हालत इस कदर जर्जर है कि संपूर्ण मार्ग पर चारों तरफ पानी भरा रहता है और गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। क्षेत्रवासियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि संबंधित विभाग और उच्च अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
जिलाध्यक्ष एडवोकेट स्वेता यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकारी स्वीकृति मिलने के बावजूद विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही के कारण जनता को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा पूर्व में भी विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर मौखिक रूप से इस टूटी हुई सड़क को दुरुस्त करने का आग्रह किया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। यादव ने प्रशासन से मांग की है कि अविलंब निर्माण कार्य प्रारंभ कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण की दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर डीग मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस अवसर पर बच्चू सिंह, अनिल, रामकुमार, ओमप्रकाश, रामवीर, सरस्वती, पहलाद, सिया देवी, सोनिया, अनीता, कमल, बलबीर सिंह, रणवीर सिंह, देवी सिंह, रंजीत, श्यामवीर और मिठ्ठू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

