डीग में राशन डीलरों के 15 लाख रुपये अटके, भुगतान नहीं मिलने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
बजरंग ट्रेडिंग कंपनी पर 15 लाख की अनलोडिंग राशि बकाया रखने का आरोप, 10 अक्टूबर तक भुगतान न होने पर आंदोलन का अल्टीमेटम।

राशन डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधि डीग जिला कलेक्टर को लंबित अनलोडिंग राशि के भुगतान हेतु ज्ञापन सौंपते हुए।
डीग में राशन डीलरों के अनलोडिंग भुगतान का मामला गरमा गया है। राशन डीलर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं डीग जिला अध्यक्ष राकेश गिरसै के नेतृत्व में राशन डीलरों ने लंबित भुगतान की मांग को लेकर जिला कलेक्टर मयंक मनीष और जिला रसद अधिकारी डीग अर्पित अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। डीलरों ने परिवहन ठेकेदार फर्म पर पिछले एक वर्ष से अनलोडिंग की बकाया राशि का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए जल्द भुगतान कराने की मांग की।
राकेश गिरसै ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की परिवहन ठेकेदार फर्म बजरंग ट्रेडिंग एंड कंपनी, कोटा, राजस्थान की ओर से उचित मूल्य दुकानदारों को अनलोडिंग राशि का भुगतान लंबे समय से लंबित है, जबकि विभाग की ओर से डीलरों की अनलोडिंग राशि का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मई 2025 से जनवरी 2026 तक कुल नौ महीने की अनलोडिंग राशि के रूप में डीलरों का लगभग 19 लाख 50 हजार रुपये बकाया है।
राकेश गिरसै के अनुसार, संबंधित फर्म ने उचित मूल्य दुकानदारों को केवल मई और जून 2025 के दो महीनों का भुगतान किया है, जो लगभग 4 लाख 42 हजार रुपये है। इसके बाद शेष भुगतान अब तक नहीं किया गया है। डीलरों की बकाया राशि लगभग 15 लाख रुपये है। भुगतान लंबित रहने से राशन विक्रेताओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राशन डीलरों ने जिला कलेक्टर को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए चेतावनी दी कि यदि आगामी माह की 10 अक्टूबर तक उनका भुगतान नहीं किया गया, तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने मांग की कि ठेकेदार फर्म के आगामी बिलों में से बकाया राशि काटकर राशन डीलरों को भुगतान कराया जाए, ताकि वे भी त्योहार मना सकें।
राकेश गिरसै ने यह भी बताया कि राजस्थान सरकार की ओर से भी राशन डीलरों के कमीशन की राशि समय पर नहीं डाली जाती है। ऐसे में अनलोडिंग भुगतान लंबित रहने से उनके लिए आवश्यक खर्चों का संचालन करना भी भारी पड़ रहा है। डीलरों ने प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
इस पर जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने राशन डीलरों को उनकी समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान राशन डीलर्स कामा ब्लॉक अध्यक्ष हरवंश चौधरी, जगदीश सहारई, विष्णु गुप्ता, रोशनलाल, विजेंद्र पहलवान, डीग के संभाग संयोजक नारायण सिंह, हेमसिंह फौजदार सहित राशन डीलर एसोसिएशन के दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे। डीलरों ने स्पष्ट किया कि बकाया भुगतान नहीं होने की स्थिति में वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
