डीग में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर ब्राह्मण समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा
विधायक डॉ. शैलेष सिंह ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाई, राधा बल्लभ मंदिर में अभिषेक और पूजन के बाद मुख्य बाजारों से गुजरा कारवां।

धर्म नगरी डीग में 19 अप्रैल, रविवार को ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर के आर्य समाज गली स्थित राधा बल्लभ मंदिर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे राधा बल्लभ मंदिर में भगवान परशुराम के अभिषेक के साथ हुआ, जहाँ पंडित मोहन बंशी वाले ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को सतुआ का प्रसाद वितरित किया गया।
ब्राम्हण समाज के जिलाध्यक्ष रमेश लवानिया एवं यात्रा संयोजक खगेन्द्र शर्मा खग्गू ने बताया कि अभिषेक के पश्चात दोपहर तीन बजे एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। डीग कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेष सिंह ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह शोभायात्रा शहर के मुख्य बाजार, नील कंठेश्वर महादेव, लोहा मंडी, चौधरी का कटरा, गोवर्धन गेट, किला, पुराना बस स्टैंड, गणेश मंदिर और पुरानी अनाज मंडी जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए अपने गंतव्य स्थान पर पहुँची। यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों और अन्य समाजों द्वारा जगह-जगह भगवान परशुराम की आरती उतारी गई और पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया, साथ ही श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
शोभायात्रा में समाज की महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रही थीं, वहीं युवा वर्ग भगवान परशुराम के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर रहा था। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती मिलती है। विधायक डॉ. शैलेष सिंह ने भगवान परशुराम के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष, तपस्या, गुरुभक्ति और धर्म की स्थापना का जीवंत प्रतीक है।
इस गरिमामय अवसर पर मनोहर लाल शर्मा, रमाकांत एडवोकेट, पंकज पाराशर, लोकेन्द्र शर्मा, भोली शर्मा, दिनेष पाराशर, राहुल लवानिया, सोहन लाल शर्मा प्रेम, शिवचरन शर्मा, हरिशंकर शर्मा, ज्योति शर्मा, बबीता शर्मा, सुरेश पूंछरी, विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष इन्द्रमोहन शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष मोहित पाराशर, ओमा शर्मा, रवि शर्मा, मयंक शर्मा, धीरज शर्मा, गुलाब शर्मा, गिरिश शर्मा, सचिन शर्मा, हरी कृष्ण एडवोकेट और फटू शर्मा सहित बड़ी संख्या में विप्र समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन समाज की एकजुटता और अटूट आस्था के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
